- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- Gwalior Mobile Trader Fraud Case | Amit Hablani Absconding
ग्वालियर में मोबाइल कारोबारी 5 करोड़ का माल समेटकर फरार:रात 1:30 बजे कार में भरकर ले गया स्टॉक; 7 दुकानों लटके ताले, 15 से ज्यादा व्यापारी थाने पहुंचे
- कॉपी लिंक

ग्वालियर के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक मार्केट राजीव प्लाजा में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां 'द मोबाइल प्लस' और 'स्मार्ट जोन' के नाम से दुकान चलाने वाले संचालक अमित हबलानी पर परिवार के साथ रात के अंधेरे में दुकान का पूरा स्टॉक समेटकर गायब होने का आरोप
आरोप है कि मोबाइल कारोबारी ने ग्वालियर के 15 से अधिक थोक मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक आइटम व्यापारियों से करोड़ों रुपए का माल उधार (क्रेडिट) पर लिया था। पीड़ित व्यापारियों ने मंगलवार शाम इंदरगंज थाने पहुंचकर मोबाइल कारोबारी, उसकी पत्नी और पिता के खिलाफ धोखाधड़ी की लिखित शिकायत की है। इंदरगंज थाना पुलिस ने आवेदन लेकर मामले को जांच में लिया है।

रात 1:30 बजे XUV-700 में भरकर ले गए सारा माल
इंदरगंज थाने में दिए आवेदन में व्यापारियों ने बताया कि सेवा नगर और श्रुति एन्क्लेव, द्वारिका भवन निवासी अमित हबलानी मोबाइल कारोबारी हैं। वह अपनी पत्नी कनिका हबलानी और पिता मोतीलाल हबलानी के साथ मिलकर राजीव प्लाजा की पहली मंजिल पर 'द मोबाइल प्लस' और 'स्मार्ट जोन' के नाम से मोबाइल और लैपटॉप की दुकानें संचालित करते थे। राजीव प्लाजा में उनकी चार दुकानें थीं, जबकि शहर में कुल 7 दुकानें संचालित हो रही थीं।
व्यापारियों के मुताबिक, आरोपियों ने थोक कारोबारियों से इस शर्त पर मोबाइल, लैपटॉप और एसेसरीज उधार ली थीं कि माल बिकने पर भुगतान कर देंगे या नहीं बिकने पर वापस लौटा देंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। थोक कारोबारी जब अपना भुगतान मांगते तो अमित हबलानी उन्हें टाल देते थे।

सीसीटीवी फुटेज में कार में माल भरकर जाते दिखे
व्यापारियों का आरोप है कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात यानी 23 नवंबर को करीब 1:30 बजे अमित हबलानी अपनी पत्नी और पिता के साथ XUV-700 कार (नंबर MP07-ZZ-7888) लेकर राजीव प्लाजा पहुंचे। तीनों ने मिलकर दुकान में रखा व्यापारियों का उधार का सारा माल गाड़ी में भरा और ग्वालियर से फरार हो गए। व्यापारियों ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराने की बात कही है।
सभी 7 दुकानों पर ताला देखकर भड़के व्यापारी
मंगलवार को जब राजीव प्लाजा के व्यापारी दुकानों पर पहुंचे तो 'द मोबाइल प्लस' और 'स्मार्ट जोन' की दुकानें नहीं खुलीं। दोपहर 12 बजे के बाद भी दुकानें बंद रहने पर व्यापारियों में हलचल तेज हो गई। इसके बाद व्यापारी जुटने लगे। आसपास पता किया तो जानकारी मिली कि राजीव प्लाजा में अमित की चारों दुकानों के शटर नहीं खुले हैं। वहां काम करने वाले कर्मचारी भी बाहर खड़े रहे, लेकिन उन्हें कुछ पता नहीं चला।
इसके बाद शहर में उनके अन्य प्रतिष्ठानों की भी जानकारी जुटाई गई। टोपी बाजार, थाटीपुर और जयेन्द्रगंज स्थित दुकानों पर भी ताले लटके मिले। यह पता चलते ही क्रेडिट पर करोड़ों रुपए का माल देने वाले व्यापारी आक्रोशित होकर थाने पहुंच गए।
15 से ज्यादा फर्मों और फाइनेंस कंपनी के संचालक पहुंचे थाने
मोबाइल कारोबारी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाने वाले व्यापारियों में शहर के कई बड़े मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर और फर्म शामिल हैं। शिकायत करने वालों में मारुति कम्युनिकेशन (संदीप गांगिल), मोहित इंटरप्राइजेज (नितिन कालानी), श्री राधिका एजेंसी (योगेश बंसल), साईं कृपा मोबाइल, गुलाब मोबाइल (अनूप कालानी), अरिहंत इंटरप्राइजेज (अंशुल जैन), आदिनाथ मार्केटिंग, नित्या ट्रेडर्स, अग्रवाल मोबाइल (सचिन अग्रवाल), गोस्वामी मोबाइल (सतीश गोस्वामी), एचपी टेलीकॉम और बजाज फाइनेंस सहित 15 से अधिक व्यापारी एवं संस्थान शामिल हैं।
विदेश भागने की आशंका, पुलिस को दिए पासपोर्ट नंबर
व्यापारियों को आशंका है कि आरोपी माल खुर्द-बुर्द कर विदेश भागने की फिराक में हो सकते हैं। इसके चलते व्यापारियों ने पुलिस को आरोपियों के मोबाइल नंबरों के साथ-साथ पासपोर्ट नंबर और कार का नंबर भी सौंपा है, ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस कर जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
फिलहाल इंदरगंज थाना पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिली है और आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच कराई जा रही है।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















