- Hindi News
- Local
- Mp
- Ujjain
- Mahakal Temple Ujjain Laddu Controversy | Missing Manufacturing Date
महाकाल के लड्डू पैकेट पर नहीं मिली मैन्युफैक्चरिंग डेट:श्रद्धालु ने टोल फ्री पर की शिकायत, जवाब आया- कभी-कभी हो जाता है
- कॉपी लिंक

महाकाल मंदिर में लड्डू प्रसादी की गुणवत्ता और पैकेजिंग को लेकर शिकायत सामने आई है। उज्जैन के एक भक्त ने मंगलवार को कोलकाता ले जाने के लिए लड्डू के 5 पैकेट खरीदे थे।
पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट नहीं लिखी होने पर उन्होंने मंदिर के टोल फ्री नंबर पर शिकायत की। आरोप है कि वहां से उन्हें बताया गया कि कई बार पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट नहीं लिखी जाती है।
शादी में ले जाने थे लड्डू
उज्जैन निवासी मनीष सोलंकी के मित्र की शादी कोलकाता में होनी थी। शादी में ले जाने के लिए 5 पैकेट लड्डू खरीदने के लिए उन्होंने पत्नी को महाकाल मंदिर के लड्डू काउंटर पर भेजा था। लड्डू लेने के बाद पत्नी ने बताया कि पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट नहीं लिखी है।
इसके बाद मनीष ने मंदिर के टोल फ्री नंबर 1800-233-1008 पर कॉल किया। वहां से उन्हें बताया गया कि कई बार पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट नहीं लिखी जाती है। मनीष ने सवाल उठाया कि इस तरह तो भक्तों को कितने भी दिन पुराने लड्डू दिए जा सकते हैं।
एक महीने तक खराब नहीं होंगे
मनीष ने सोशल मीडिया पर अपने साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए लिखा कि प्रसाद के बॉक्स पर मैन्युफैक्चरिंग डेट नहीं थी। काउंटर पर पूछने पर जवाब दिया गया कि कभी-कभी पैकेट पर डेट नहीं लिखी होती है। इसे एक महीने तक भी रखेंगे तो खराब नहीं होगा।
खराब होने पर कौन जिम्मेदार
मनीष ने बताया कि लड्डू के बॉक्स पर 15 दिन पहले उपयोग करने की बात लिखी है, लेकिन पूरे डिब्बे पर कहीं भी मैन्युफैक्चरिंग डेट नहीं है। ऐसे में यह कैसे पता चलेगा कि लड्डू किस दिन बनाए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि लड्डू को कोलकाता ले जाना है। रास्ते में या बाद में प्रसाद खराब नहीं होगा, इसकी गारंटी कौन देगा।






















