- Hindi News
- Local
- Mp
- Ujjain
- Mahakaleshwar Bhasma Aarti Ujjain | Lord Mahakal Royal Shringar Darshan
पंचामृत अभिषेक के बाद राजा स्वरूप में महाकाल का शृंगार:तड़के 4 बजे खुले मंदिर के पट; रजत आभूषण, त्रिशूल-त्रिपुण्ड और ड्रायफ्रूट से सजाया
- कॉपी लिंक

विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार तड़के चार बजे भस्म आरती के लिए मंदिर के पट खोले गए। इसके बाद भगवान महाकाल का हरि ओम जल से अभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन-अभिषेक किया गया। भगवान का रजत चंद्र, त्रिशूल और त्रिपुंड धारण कराकर ड्रायफ्रूट से राजा स्वरूप में शृंगार किया गया।

नंदी हॉल में विराजित नंदी जी का स्नान, ध्यान और पूजन किया गया। भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्पों से बनी माला धारण कराई गई। इसके बाद फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।

झांझ, मंजीरे और डमरू की मंगल ध्वनि के बीच भगवान महाकाल की भस्म आरती की गई। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। भस्म आरती में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।






















