- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Moradabad GRP Assault Case | Beautician & Daughters FIR Over CCTV Footage
लुधियाना-पहले ब्यूटीशियन की पिटाई, फिर उसी पर बेटियों समेत FIR:GRP बोली-सिपाही की वर्दी फाड़ी; पीड़ित ने कहा- हम गए तो सबूत मांगे गए
- कॉपी लिंक

लुधियाना की ब्यूटीशियन से चलती ट्रेन में मारपीट करने के बाद GRP ने उस पर ही बेटियों समेत FIR दर्ज कर दी। मारपीट करने वाले जीआरपी के जवान ललित कुमार ने मुरादाबाद जीआरपी थाने में मां-बेटियों व दो अन्य के खिलाफ शिकायत दी थी।
जीआरपी के अधिकारियों का तर्क है कि पुलिसकर्मी ने अपने साथ हुई हाथापाई व कपड़े फाड़ने का वीडियो सबूत के तौर पर दिया है। इसलिए केस दर्ज किया गया।
उधर, ब्यूटिशियन रूबी का दावा है कि जीआरपी के कर्मचारी ने अफसरों को आधा वीडियो दिखाया और उसके आधार पर मेरे व मेरी बेटियों के अलावा उन दो लोगों पर भी एफआईआर दर्ज कर दी, जिन्होंने ट्रेन में हमारी मदद की थी।
रूबी का कहना है कि मैं पुलिस वालों को कहती रही कि यह वीडियो तब का है जब पुलिस वाले ने हमें पीट दिया था, लेकिन उन्होंने हमारी एक नहीं सुनी।
ब्यूटिशियन ने कहा कि मैं नजीबाबाद के जीआरपी थाने में पुलिस को अपनी शिकायत बताती रही और खुद व बेटियों पर हुए हमले की जानकारी देती रही, लेकिन पुलिस उसका वीडियो मांगती रही। तब तक हमारे पास वीडियो नहीं था।

जीआरपी पुलिस ने ब्यूटिशियन पर लगाए ये आरोप, जानिए...
- महिला यात्री के साथ लड़ाई की: जीआरपी कर्मी ललित कुमार ने अफसरों को शिकायत दी और कहा कि जननायक एक्सप्रेस में मुरादाबाद स्टेशन पर दो महिलाएं जनरल डिब्बे में चढ़ीं। सीट को लेकर उनमें बहस हुई।
- महिला सीट पर लेटी थी, उसने सीट नहीं दी: जीआरपी कर्मी ललित कुमार ने पुलिस को कहा कि रूबी सीट पर लेटी थी। जो दो महिलाएं ट्रेन में चढ़ी थीं, वे सीट मांग रही थीं। एक महिला के पास बच्चा था। उनके साथ सीट को लेकर बहस हुई।
- महिलाओं ने बुलाई पुलिस: ललित कुमार ने कहा कि ट्रेन में सीट को लेकर महिलाओं का आपस में बहुत विवाद होने लगा था, जिसकी वजह से उन्हें बुलाया गया। वे मौके पर गए तो महिलाओं की आपस में तीखी बहस हो रही थी।
- सीट देने को कहा तो हमला किया: ललित कुमार ने बताया कि जब वे सीट पर पहुंचे तो वहां बहुत हंगामा हो रहा था। महिला की बेटियां बहुत फालतू बोल रही थीं। उन्हें चुप करवाने लगा तो उन्होंने मिलकर हमला कर दिया। मेरी वर्दी फाड़ दी और हाथापाई पर उतर आईं।
- नजीबाबाद के पास चेन पुलिंग की: उन्होंने आरोप लगाया कि नजीबाबाद के पास रूबी व उसकी बेटियों ने चेन पुलिंग की और गाड़ी रुकवा दी। दो लोगों ने इनकी मदद की।
- पुलिस ने इन पर की एफआईआर दर्ज: जीआरपी ने बेतिया (बिहार) निवासी रूबी देवी, उसकी तीन बेटियों, समस्तीपुर निवासी पिक्कू कुमार और दरभंगा के बहेड़ी निवासी चंदन ठाकुर के खिलाफ मारपीट और वर्दी फाड़ने समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों पुरुषों को मुरादाबाद ले गई और रूबी व उसकी बेटियों से नजीबाबाद में पूछताछ करके लुधियाना भेज दिया।

पुलिस के आरोपों पर रूबी ने कहीं ये बातें, जानिए...
- महिलाएं जीआरपी वालों के साथ आईं: रूबी ने बताया कि सीट को लेकर कोई विवाद नहीं था। जीआरपी वाले अपने साथ दो महिलाओं को लेकर आए थे और उन्हें सीट दिला रहे थे। इस बात को लेकर पुलिस से बहस हुई।
- टिकट लेकर लेटी थी: महिला ने जीआरपी अफसरों को बताया कि तबीयत खराब होने के कारण वह सीट पर लेटी थी। उस सीट पर उसकी तीन बेटियां और वह टिकट लेकर बैठी थीं। इसके बावजूद उन्होंने एक महिला को बैठने की जगह दे दी थी, क्योंकि उसके पास छोटा बच्चा था।
- वीडियो बनाने पर हुई हाथापाई: रूबी ने बताया कि वह लेटी थी तो पुलिस वाले ने रौब दिखाने (दबका मारने) के लिए उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जिस पर उसने भी वीडियो बनाया, तो पुलिस वाले ने मोबाइल छीन लिया। मेरी बेटी ने पुलिस वाले से मोबाइल लेने की कोशिश की, तो उसने थप्पड़ मार दिए। वहीं से विवाद शुरू हुआ।
- वीडियो का आखिरी हिस्सा दिखाया: रूबी ने बताया कि जब उन्हें नजीबाबाद थाने ले जाया गया, तो वहां पुलिस ने उन्हें एक वीडियो दिखाया और कहा कि उन्होंने जीआरपी जवान पर हमला किया है। रूबी ने बताया कि वह और उसकी बेटियां पुलिस अफसरों को कहती रहीं कि यह वीडियो बाद का है, इससे पहले जवान ने हमला किया है। उस समय हमारे पास वीडियो नहीं था। पुलिस अफसर हमसे वीडियो मांगते रहे। हम वीडियो नहीं दे सके, तो हमारे खिलाफ कार्रवाई कर दी।
- चेन पुलिंग तो उन्होंने की: महिला ने कहा कि चेन पुलिंग हमने नहीं, बल्कि पुलिस वालों ने की। हमें तो पता भी नहीं था कि चेन पुलिंग कैसे होती है। दूसरा, हम टोल-फ्री नंबर पर भी सहायता मांगते रहे।

नजीबाबाद थाने में महिला के साथ क्या-क्या हुआ, जानिए...
- पुलिस के साथ हुई बातचीत रिकॉर्ड की: पुलिस वाले जब रूबी से बार-बार सबूत मांग रहे थे, तो उसने अपने मोबाइल में वॉयस रिकॉर्डिंग ऑन कर ली ताकि पुलिस के साथ हुई बातचीत रिकॉर्ड की जा सके। रूबी ने करीब 37 मिनट की बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग की है।
- कार्रवाई में सहयोग मांगा: मुरादाबाद से जांच के लिए आरपीएफ कमांडेंट ऋषि कुमार शुक्ला, जीआरपी के इंस्पेक्टर कमल किशोर व अन्य अधिकारी पहुंचे। ऑडियो रिकॉर्डिंग में साफ सुनाई दे रहा है कि अफसर रूबी से जांच में सहयोग की बात करते रहे।
- रूबी बोली- मुझे मारा है: ऑडियो में रूबी बार-बार कहती रही कि पुलिस वाले ने मुझे व मेरी बेटियों को मारा है। जिस पर अधिकारी उससे कहते रहे कि सबूत दो। महिला ने कहा कि लोगों ने वीडियो बनाई है, उसमें जरूर होगा, तो अधिकारी उससे ही वीडियो मांगते रहे।
- मुझे मार रहे थे, वीडियो कैसे बनाती: अधिकारी जब बार-बार उससे वीडियो मांग रहे थे, तो रूबी ने अधिकारियों से कहा कि वह मुझे और मेरी बेटियों को मार रहा था तो हम वीडियो कैसे बनाते। लोगों ने जो वीडियो बनाया है, वह सामने आ जाएगा
GRP थाने के SHO बोले- महिला ने नहीं दी कोई शिकायत जीआरपी मुरादाबाद के थाना प्रभारी विपिन कुमार का कहना है कि जीआरपी कर्मी ने मारपीट व वर्दी फाड़ने की शिकायत दी थी। हमने उसके आधार पर एफआईआर दर्ज की है। महिला रूबी की तरफ से हमें कोई शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, इस मामले में अभी उच्च स्तरीय जांच चल रही है।
लुधियाना जीआरपी ने कहा यहां दर्ज नहीं होगी शिकायत रूबी सोमवार देर शाम लुधियाना रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज करवाने पहुंची। रूबी ने बताया कि जीआरपी के अफसरों ने कह दिया कि इस मामले की शिकायत यहां दर्ज नहीं होगी, आपको वहीं जाना होगा।
एसएचओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि ये हमारे पास आए थे तो हमने जीआरपी मुरादाबाद से इस बारे में जानकारी ली तो पता चला कि इनके खिलाफ वहां पर एफआईआर दर्ज हुई। ऐसे में अगर इन्हें क्रॉस पर्चा करवाना है तो वहीं जाना होगा।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















