दीपक बाल्यान बोले-युवाओं की आवाज दबाना सरकार की बेवकूफी:कहा-नेता कपड़ों की तरह पार्टी बदलते हैं, जनता के मुद्दों पर आंदोलन की दी चेतावनी

अलवर16 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक
अलवर में मीडिया को जानकारी देते सीजेपी के लीडर दीपक बाल्यान। - Dainik Bhaskar
अलवर में मीडिया को जानकारी देते सीजेपी के लीडर दीपक बाल्यान।

सीजेपी नेता दीपक बाल्यान ने कहा कि सरकारें सोशल मीडिया की आवाज को बंद करना चाहती हैं, लेकिन ऐसा करना सरकार की बेवकूफी है। सरकार को आवाज दबाने के बजाय युवाओं के वास्तविक मुद्दों को हल करना चाहिए। बाल्यान ने कहा कि नेता कपड़ों की तरह पार्टियां बदलते हैं। उन्होंने कहा कि आगे जनता के मुद्दों को लेकर प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

दरअसल, दीपक बाल्यान 29 नवंबर (रविवार) को अलवर में मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने परिसीमन, युवाओं की भागीदारी और सोशल मीडिया की आजादी जैसे बड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीजेपी ने परिसीमन का विरोध नहीं किया है, बल्कि इस मुद्दे पर पार्टी के नेताओं ने दिल्ली में भी अपनी बात मजबूती से रखी है।

युवाओं की भागीदारी और सोशल मीडिया पर बयान

बाल्यान ने कहा कि सीजेपी का मुख्य उद्देश्य राजनीति में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है। युवा तभी सवाल उठाता है जब वह व्यवस्था से अत्यधिक परेशान हो जाता है। बाल्यान ने तंज कसते हुए कहा कि सरकारें सोशल मीडिया की आवाज को बंद करना चाहती हैं, लेकिन ऐसा करना सरकार की बेवकूफी है। सरकार को आवाज दबाने के बजाय युवाओं के वास्तविक मुद्दों को हल करना चाहिए।

भाजपा-कांग्रेस पर साधा निशाना: 'कपड़ों की तरह बदलते हैं पार्टी'

प्रदेश की राजनीति पर हमला बोलते हुए बाल्यान ने कहा कि राजस्थान में 5 साल भाजपा और 5 साल कांग्रेस का राज रहा है, लेकिन कुर्सी मिलते ही नेता जनता के मुद्दे भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि अब नेता कपड़ों की तरह पार्टियां बदलते हैं।

बाल्यान ने दावा किया कि पंचायती राज चुनावों में जनता ने सरकार को आईना दिखा दिया है। जिस तरह जंतर-मंतर के आंदोलन ने सरकार को झुकाया था, उसी तरह अब प्रदेश की जनता सत्ता से खदेड़ने का काम करेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी योजनाएं आमजन तक नहीं पहुंच रही हैं, लेकिन सरकार की इंटेलिजेंस उनके पीछे लगी रहती है।

'क्या बोलती राजस्थान की जनता' अभियान में सामने आए ये प्रमुख मुद्दे

बाल्यान ने बताया कि पार्टी के 'क्या बोलती राजस्थान की जनता' अभियान के तहत वे गांव-गांव जाकर लोगों से मिल रहे हैं, जिसमें ये बड़ी समस्याएं सामने आई हैं:

पेपर लीक और भर्तियां: वे हॉस्टलों में जाकर छात्रों से मिले हैं। युवा बंद कमरों में कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन समय पर भर्तियां नहीं निकलतीं और परीक्षा होने पर पेपर लीक हो जाते हैं।

किसान और निराश्रित पशु: कड़ाके की सर्दी में भी किसान रात को जागकर फसल बचाने को मजबूर हैं। सरकार गाय के नाम पर राजनीति तो करती है, लेकिन उनके चारे और निराश्रित पशुओं के आश्रय पर कोई ध्यान नहीं दे रही।

शिक्षा और महिला सुरक्षा: सीजेपी ने जर्जर स्कूल भवनों का मुद्दा उठाया था, जिसके बाद सरकार ने बजट जारी किया। पार्टी शिक्षा को बढ़ावा दे रही है ताकि गरीब परिवार आगे बढ़ सकें। इसके अलावा उन्होंने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए।

कॉलेजों में पढ़ाई का माहौल नहीं, भ्रष्टाचार चरम पर

चावड़ा सीजेपी के स्टेट कोऑर्डिनेटर विष्णु चावड़ा ने कहा कि प्रदेश के कॉलेजों में पढ़ाई का माहौल नहीं बचा है। आज युवा वर्ग खुद को दबा हुआ महसूस कर रहा है और चारों तरफ भ्रष्टाचार फैला है, यही कारण है कि लोग तेजी से सीजेपी मूवमेंट से जुड़ रहे हैं।

चावड़ा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शिक्षा और युवाओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया, तो बड़ा आंदोलन होगा। इस दौरान हरियाणा से आए विवेक, गीगराज, विजय सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

.

    Rajasthan Latest News

    Today Weather Update

    Our Group Site Links