- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Sawai madhopur
- Chambal River Gharial Conservation | Radio Tagged Hatchlings Released
चंबल में छोड़े 20 'हाई-टेक' घड़ियाल:रेडियो टैग से रखी जाएगी निगरानी, 6 महीने की स्पेशल ट्रेनिंग दी
- कॉपी लिंक

राजस्थान में घड़ियालों का कुनबा बढ़ाने और उन्हें सुरक्षित भविष्य देने के लिए वन विभाग ने खास कदम उठाया है।
विभाग ने 'घड़ियाल पारिस्थितिकी परियोजना' के तहत मंगलवार सुबह 11 बजे रणथंभौर टाइगर रिजर्व की पालीघाट रेंज में 20 नन्हे घड़ियालों (हैचलिंग) को चंबल नदी की लहरों में छोड़ा।
खास बात यह है कि इन सभी के शरीर पर रेडियो/VHF टैग लगाए गए हैं, जिससे नदी में इनकी लोकेशन, व्यवहार और हर हलचल पर सीधी नजर रखी जा सकेगी।
पहले देखिए- नन्हे घड़ियालों को नदी में छोड़ने की तस्वीरें



रेडियो टेलीमेट्री तकनीक से जुटाएंगे रिसर्च डेटा
DFO मानस सिंह ने बताया- रेडियो टेलीमेट्री तकनीक की मदद से यह अध्ययन किया जाएगा कि सुरक्षित माहौल में पले-बढ़े ये घड़ियाल प्राकृतिक नदी के वातावरण में खुद को कैसे ढालते हैं। इससे उनके रहने के क्षेत्र, व्यवहार और सर्वाइवल रेट (जीवित रहने की दर) का सटीक डेटा मिल सकेगा। यह तकनीक सैटेलाइट की तरह से काम करेगी।
खतरों से बचाने के लिए 6 महीने तक की खास देखभाल
डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि चंबल नदी घड़ियालों का सबसे पसंदीदा प्राकृतिक आवास है, लेकिन जन्म के बाद के शुरुआती दिन इनके लिए बेहद खतरनाक होते हैं।
तेज बहाव, बाढ़, बड़े शिकारियों का डर और मछली पकड़ने वाले जालों में फंसने की वजह से कई नन्हे घड़ियाल बड़े होने से पहले ही दम तोड़ देते हैं।
इसी खतरे से बचाने के लिए वन विभाग की टीम ने चंबल किनारे बने प्राकृतिक घोंसलों में अंडों से निकले करीब 80 घड़ियालों को रेस्क्यू किया था। जन्म के 15 दिन बाद इन्हें पालीघाट स्थित रेयरिंग सेंटर लाया गया।

जिंदा मछलियां खिलाईं, 6 महीने में लंबाई 30 से 80 सेमी तक पहुंची
रेयरिंग सेंटर में 6 महीने तक इनकी प्राकृतिक तरीके से परवरिश की गई। शिकार करने की क्षमता विकसित करने के लिए इन्हें खाने में जिंदा मछलियां दी गईं। जब इन्हें सेंटर लाया गया, तब इनकी लंबाई महज 30 सेंटीमीटर थी, जो बढ़कर करीब 80 सेंटीमीटर हो गई है।
मंगलवार को पाइपों के जरिए इन 20 घड़ियालों को नदी किनारे लाकर पानी में छोड़ा गया। परियोजना के तहत कुल 80 घड़ियालों को रेडियो टैग लगाकर नदी में छोड़ने का लक्ष्य है, जिसकी यह पहली खेप है।

इस मौके पर मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए. अरुण प्रसाद, मुख्य वन संरक्षक एवं रणथंभौर टाइगर प्रोजेक्ट के क्षेत्र निदेशक एस.पी. सिंह, उप वन संरक्षक मानस सिंह, दिनेश जांगिड़, सहायक वन संरक्षक अजय कुमार, पालीघाट रेंजर किशन सांखला, परियोजना विशेषज्ञ जैलाब्दीन और वन विभाग का फील्ड स्टाफ मौजूद रहा।

खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















