- Hindi News
- Local
- Mp
- Indore
- Indore Phuti Kothi Sabzi Mandi Controversy | BJP Leaders Protest
सब्जी मंडी का विरोध करने 'रहवासी' बनकर पहुंचे भाजपाई:फूटी कोठी मंडी विवाद में भाजपा पदाधिकारी और विधायक के रिश्तेदार तख्तियां लेकर उतरे
- कॉपी लिंक

इंदौर की फूटी कोठी सब्जी मंडी को लेकर सियासत तेज हो गई है। जनप्रतिनिधियों की आपसी खींचतान के बीच मंडी हटाए जाने के बाद मंगलवार को हुए विरोध-प्रदर्शन में भाजपा के मंडल और वार्ड स्तर के पदाधिकारी खुद को रहवासी बताकर मैदान में उतर आए।
हाथों में तख्तियां लेकर मंडी का विरोध करने पहुंचे इन लोगों में वार्ड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य और क्षेत्रीय विधायक मालिनी गौड़ के रिश्तेदार भी शामिल थे। खास बात यह है कि इनमें से ज्यादातर पदाधिकारी मंडी के आसपास के रहवासी नहीं हैं।
सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय नेताओं की हरी झंडी मिलने के बाद ही ये लोग विरोध जताने पहुंचे थे। प्रदर्शन में एक पार्षद पति भी शामिल था।
द्वारकापुरी और चंदन नगर के बीच लगने वाली इस सब्जी मंडी को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने व्यापारियों के समर्थन में सड़क पर दुकानें लगवाने का ऐलान किया था। कांग्रेसी नेता ब्रिज के नीचे मंडी लगवाने की मांग पर अड़े थे। वहां व्यापारियों ने दुकानें सजाना शुरू ही किया था कि कुछ लोग खुद को स्थानीय रहवासी बताते हुए मंडी के विरोध में नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मंडी के विरोध में उतरे भाजपा के पदाधिकारी और रिश्तेदार
मंडी का विरोध करने पहुंचे लोगों में राजकुमार सोलंकी (गौड़ परिवार के जमाई), राजेश तोमर (मंडल अध्यक्ष), मुकेश राठौर (ब्रह्मलीन लक्ष्मण सिंह गौड़ मंडल उपाध्यक्ष), नवीन थोरात (मंडल मंत्री), आशा खोड़े (मंडल महामंत्री), दीपक अग्रवाल (मंडल प्रभारी) और सुनील पालीवाल (युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष) शामिल थे।
इसके अलावा सचिन चवले (वार्ड 82 अध्यक्ष), वामन राव पाटील (वार्ड 85 अध्यक्ष), राजेश दुबे (वार्ड 84 अध्यक्ष), बंटी सोलंकी (वार्ड 84 संयोजक), सतनाम खनुजा (पार्षद पति, वार्ड 84), राजेंद्र गोयल (शक्ति केंद्र प्रभारी), गौरव तिवारी (महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष) और दिलीप सोलंकी (लक्ष्मण सिंह गौड़ मंडल महामंत्री) सहित अन्य पदाधिकारी भी तख्तियां लेकर विरोध करते नजर आए।
दूसरी ओर, स्थानीय पार्षद शानू शर्मा, एमआईसी सदस्य राकेश जैन और पार्षद जीतू राठौर ने इस पूरे प्रदर्शन से दूरी बनाए रखी।
बिल्डर की मल्टी को लेकर दबाव की चर्चा
चर्चा है कि मंडी के आसपास हाल ही में कुछ बहुमंजिला इमारतों का निर्माण हुआ है। ये इमारतें अग्रवाल ग्रुप की बताई जा रही हैं। पूर्व नगर निगम कार्यकाल के दौरान भी इस ग्रुप ने यहां कई इमारतों का निर्माण कराया था। माना जा रहा है कि इन प्रोजेक्ट्स के चलते क्षेत्रीय विधायक मंडी को यहां से हटाने के पक्ष में हैं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है।
ब्रिज के नीचे की जगह 30 साल के टेंडर पर देने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ब्रिज के नीचे की खाली जगह को 30 साल के टेंडर पर देने की योजना बना रहे हैं। कुछ समय पहले इसे लेकर प्रस्ताव का खाका भी तैयार किया गया था, लेकिन राजनीतिक कारणों से टेंडर प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। यही वजह बताई जा रही है कि महापौर भी फुटपाथ और सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को ब्रिज के नीचे शिफ्ट करने के पक्ष में नहीं हैं।
इधर, सब्जी मंडी के व्यापारी मंगलवार रात भी ब्रिज के नीचे डटे रहे। उन्होंने सुंदरकांड का पाठ किया। वहीं, कांग्रेस के स्थानीय नेता भी इस मुद्दे को लेकर व्यापारियों के समर्थन में सक्रिय हैं।
प्रदर्शन में बीजेपी के लोग थे
कांगेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे का मंडी मामले मे कहना है कि वहां 20 से 25 सालों से मंडी लग रही है। रहवासियों को आज तक दिक्कत नहीं आई। मंगलवार को प्रदर्शन में बीजेपी के लोग थे। उन्हें भी इस बात की जानकारी लगी थी। मेयर और विधायक की लड़ाई में गरीब मंडी वालों का नुकसान हो रहा है। वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे। गरीबों के साथ हर लड़ाई में साथ खडे़ हैं।






















