- Hindi News
- National
- Suvendu Adhikari Statement | Pranab Mukherjee Advised Joining BJP
शुभेंदु बोले- प्रणब मुखर्जी की सलाह पर भाजपा में आया:उन्होंने कहा था- TMC बुआ-भतीजे की पार्टी, बढ़ना है तो मोदी के साथ जाओ
- कॉपी लिंक

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें TMC छोड़कर भाजपा में आने की सलाह दी थी।
उन्होंने मंगलवार को कोलकाता में एक समिट के दौरान यह बात कही। शुभेंदु ने बताया कि राष्ट्रपति बनने के बाद जब वे प्रणब मुखर्जी से मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे, तब दोनों के बीच यह बातचीत हुई थी। इस दौरान प्रणब मुखर्जी ने शुभेंदु से कहा था-

सोचिए कि आप क्या करना चाहते हैं। TMC बुआ-भतीजे की पार्टी है, अगर कर्मचारी बनकर रहना चाहते हैं तो यहीं रहिए। अगर अपने दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं तो मोदीजी के साथ जाइए।

अधिकारी ने प्रणब मुखर्जी को अपना 'ओरिजिनल एडवाइजर' बताया। कहा कि मुखर्जी अभिभावक की तरह थे। प्रणब मुखर्जी का अगस्त 2020 में निधन हुआ था।

बातचीत की तारीख बताने से इनकार किया
जब शुभेंदु से पूछा गया कि प्रणब मुखर्जी के साथ यह बातचीत कब हुई थी, तो उन्होंने तारीख बताने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनके बयान से विवाद हो सकता है, इसलिए वे इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते।
2020 में TMC छोड़ BJP में शामिल हुए थे शुभेंदु
शुभेंदु अधिकारी को TMC में ममता के बाद सबसे ताकतवर नेताओं में गिना जाता था। शुभेंदु ने 2009 और 2014 में तमलुक लोकसभा सीट से चुनाव जीता।
2016 में नंदीग्राम से विधायक बने और ममता सरकार में परिवहन मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। वे में पार्टी के चुनावी अभियान और संगठन की जिम्मेदारी भी संभालते थे।
हालांकि, पार्टी में अभिषेक बनर्जी का कद बढ़ने के साथ शुभेंदु और TMC नेतृत्व के बीच मतभेद बढ़ने लगे। अभिषेक को ममता का उत्तराधिकारी माना जाने लगा था।
नवंबर 2020 में शुभेंदु ने परिवहन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद दिसंबर 2020 में BJP में शामिल हो गए।
BJP में आने के बाद शुभेंदु ने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता को करीब 1,956 वोटों से हरा दिया। उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया।
शुभेंदु के नेतृत्व में भाजपा पहली बार 2026 का बंगाल विधानसभा चुनाव जीती। इसके बाद शुभेंदु CM बने।

TMC बोली- शुभेंदु के दावे पर भरोसा कैसे करें
TMC सांसद सौगत रॉय ने शुभेंदु अधिकारी के दावे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शुभेंदु TMC छोड़कर BJP में शामिल हुए थे और अब इसके पीछे प्रणब मुखर्जी की सलाह का हवाला दे रहे हैं। लेकिन प्रणब मुखर्जी अब जीवित नहीं हैं। ऐसे में यह कैसे पता चलेगा कि मुख्यमंत्री सच बोल रहे हैं या नहीं?






















