- Hindi News
- Opinion
- Syed Ata Hasnain Column | Government And Military Coordination Importance
सैयद अता हसनैन का कॉलम:सरकार और सेना में तालमेल हर देश के लिए जरूरी होता है
- कॉपी लिंक

हम युद्ध की वजह से हारे!- जब जेडी वेंस ने मिडटर्म में हार के बाद यह बात कही तो उनका यह बयान इस बात पर विचार करने का अवसर देता है कि ट्रम्प प्रशासन ने ईरान के मामले में किस तरह फैसले लिए थे। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के कार्यकाल में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को हटाए जाने और सैन्य नेतृत्व की सार्वजनिक आलोचना से भी सवाल उठता है कि क्या सैन्य कमांडर युद्ध के पीछे की धारणाओं को खुलकर चुनौती दे रहे थे या चेता रहे थे कि युद्ध अपने उद्देश्यों को हासिल करने में नाकाम हो रहा है?
कश्मीर और एलओसी पर भारी उथल-पुथल के दौर में कोर कमांडर के रूप में मैंने औपचारिक बैठकें अपेक्षाकृत कम ही कीं। मैं अकसर मुख्यालय से बाहर समय बिताता और अपने अधिकारियों पर भरोसा करता कि वे उन्हें सौंपे गए काम पूरे करेंगे। जब हमारी बैठकें होतीं, तो हर किसी को किसी भी योजना पर सवाल उठाने या मेरे आकलन को चुनौती देने की पूरी छूट होती थी।
मैं यह सुनना चाहता था कि धरातल पर उन्हें क्या होने की आशंका है, खासकर उन स्थितियों में जहां उनका आकलन मुझसे अलग होता था। इससे हमें ऐसे जोखिमों को पहचानने में मदद मिली, जिन्हें हम अन्यथा नजरअंदाज कर सकते थे। इस खुलेपन के बिना मेरे कई फैसले कहीं कम बेहतर साबित होते। 1971 में भारत के अनुभव ने भी दिखाया कि राष्ट्रीय स्तर पर भी यह तरीका कारगर है।
तत्कालीन थलसेना प्रमुख जनरल सैम मानेकशॉ ने समझाया था कि मानसून, सैनिकों की आवाजाही और तैयारियों के लिए जरूरी समय सैन्य अभियानों को प्रभावित करेंगे। इंदिरा गांधी की सरकार ने इस सलाह पर विचार किया। फैसला लेने का अधिकार सरकार के पास था। तैयारियों के लिए उपलब्ध समय ने भारत की अपने सैन्य संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल करने में मदद की। कोई राजनेता किसी जनरल की धारणाओं पर सवाल उठा सकता है। कोई जनरल सरकार के किसी कदम से जुड़े जोखिमों को समझा सकता है।
लेकिन इसके बाद दोनों फिर बातचीत की मेज पर लौटकर अपना काम जारी रख सकते हैं। इस तरह के संबंध की बुनियाद भरोसा है, खासकर तब, जब फैसले तेजी से लेने हों और उपलब्ध जानकारी अधूरी हो। कारगिल से भी एक सबक मिलता है। 1999 में परवेज मुशर्रफ और कुछ पाक अधिकारियों ने नियंत्रण रेखा के पार घुसपैठ की योजना बनाई थी। शुरुआत में अधिकांश वरिष्ठ सैन्य कमांडरों को इस चर्चा से बाहर रखा गया। योजना बनाने वाले जानते थे कि ऊंची चोटियों पर कब्जा कैसे करना है।
लेकिन इससे कहीं कठिन सवाल थे कि भारत की ओर से पूरी ताकत से जवाब दिए जाने के बाद उन चोटियों पर कब्जा कैसे बरकरार रखा जाएगा, पाकिस्तान को इससे राजनीतिक स्तर पर क्या लाभ मिलने की उम्मीद थी और योजना विफल होने की स्थिति में उसकी सेना वहां से कैसे पीछे हटेगी। भरोसेमंद सलाहकारों के बीच व्यापक चर्चा होती तो सैनिकों के नियंत्रण रेखा पार करने से पहले ही इस इरादे की कमजोरियां उजागर हो सकती थीं।
सितम्बर 2026 तक सीबीसी न्यूज ने ऐसे कम से कम 20 वरिष्ठ सैन्य-असैन्य रक्षा अधिकारियों की सूची गिनाई थी, जो हेगसेथ के पदभार संभालने के बाद अपने पद छोड़ चुके थे। इसमें बर्खास्तगी, दबाव डालकर इस्तीफा दिलाना और स्वेच्छा से पद छोड़ना- तीनों शामिल हैं। इनमें थलसेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज भी थे, जिन्हें अप्रैल 2026 में हेगसेथ ने सेवानिवृत्त होने के लिए कहा था। तब ईरान से युद्ध चल रहा था।
पेंटागन के बाहर से यह जानना मुश्किल है कि इन अधिकारियों के जाने का असर ट्रम्प तक पहुंचने वाली सलाह पर किस तरह पड़ा। यह जोखिम हर उस व्यक्ति के लिए जाना-पहचाना है, जिसने कभी सैन्य कमान संभाली हो। किसी योजना में गंभीर खामी देखने वाला अधिकारी उसे बताने से हिचक सकता है। वहीं यदि कमांडर को उस खामी का पता सैनिकों को अभियान में झोंकने के बाद चलता है, तो रणनीति बदलना कठिन हो सकता है और इसमें सैनिकों की जान भी जा सकती है।
अंतत: ट्रम्प ने भी माना कि युद्ध के कारण चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान हुआ। लेकिन युद्ध लड़ने को लेकर उन्हें जो सलाह दी गई थी, उसकी जिम्मेदारी हेगसेथ की थी। युद्ध के बचाव में हेगसेथ ने सार्वजनिक रूप से क्या कहा, यह तो हमें मालूम है, लेकिन उन्होंने निजी तौर पर क्या सलाह दी थी, इसकी जानकारी कम है। अगर किसी सैन्य कमांडर को लगता है कि आगे के हमले देश की स्थिति को और खराब कर सकते हैं, तो लीडर तक यह आकलन स्पष्ट रूप से पहुंचना चाहिए। और इसका सबसे सही समय हमले के आदेश दिए जाने से पहले ही है।
- राजनेता सेना की धारणाओं पर सवाल उठा सकते हैं। सेना सरकार के फैसलों से जुड़े जोखिमों को समझा सकती है। पर इसके बाद दोनों को फिर बातचीत की मेज पर लौटकर काम जारी रखना होता है। ऐसे संबंधों की बुनियाद भरोसा है।
(ये लेखक के अपने विचार हैं)


























