- Hindi News
- Local
- Bihar
- Bettiah
- Samrat Chaudhary Betia Padayatra | Constitution Day Traffic Diversion
बेतिया- संविधान दिवस पर CM की पदयात्रा:सागर पोखरा से राजदेवड़ी तक यात्रा, 10 हजार कार्यकर्ता होंगे शामिल; 25 सड़कों पर बदलेगा ट्रैफिक
- कॉपी लिंक

बेतिया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज यानी गुरुवार को संविधान दिवस पर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। यह यात्रा सागर पोखरा से शुरू होकर राजदेवड़ी पहुंचेगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा ने कार्यक्रम में करीब 10 हजार कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर की 25 सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से बेतिया पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से सागर पोखरा जाएंगे।
सागर पोखरा से राजदेवड़ी तक पदयात्रा
पदयात्रा सागर पोखरा से शुरू होकर सोवा बाबू चौक और संत कबीर चौक होते हुए राजदेवड़ी पहुंचेगी। यात्रा की दूरी करीब डेढ़ से दो किलोमीटर से अधिक है। इसमें भाजपा और एनडीए के नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
संविधान-लोकतंत्र पर होगा राजनीतिक संदेश
26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इस दिन की याद में हर साल संविधान दिवस मनाया जाता है। भाजपा इस अवसर पर आयोजित पदयात्रा और जनसभा के जरिए संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और राजनीतिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाएगी। मुख्यमंत्री के संबोधन पर भी लोगों की नजर रहेगी।

कई सांसद और विधायक होंगे शामिल
कार्यक्रम में सांसद डॉ. संजय जायसवाल, केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम, बेतिया विधायक रेणु देवी, नौतन विधायक नारायण प्रसाद शाह, लौरिया विधायक विनय बिहारी, बगहा विधायक राम सिंह, नरकटियागंज विधायक संजय पांडेय और सिकटा विधायक समृद्धि वर्मा के शामिल होने की संभावना है।
नजर बाग पार्क बनेगा अटल पार्क
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री नजर बाग पार्क का नाम बदलकर अटल पार्क किए जाने के तहत इसका शुभारंभ करेंगे। वर्ष 1975 में आपातकाल से ठीक पहले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इसी स्थान पर कई जनसभाओं को संबोधित किया था। इसी ऐतिहासिक जुड़ाव के कारण पार्क का नाम उनके नाम पर रखा जा रहा है।

25 सड़कों पर बदलेगा यातायात मार्ग
मुख्यमंत्री के दौरे और पदयात्रा को देखते हुए शहर की 25 सड़कों पर यातायात में बदलाव किया गया है। यात्रा मार्ग से जुड़ने वाली शाखा सड़कों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सुरक्षा के साथ यातायात की निगरानी करेंगे। पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी लेने और जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।






















