- Hindi News
- Local
- Bihar
- Bihar NDA Government Progress | Industrial Growth & Road Infrastructure
भास्कर एनालिसिससरकार का एक साल: अब इंडस्ट्री वाला बिहार:25 जिलों में 1091 इंडस्ट्री पर वर्किंग, 2.25 लाख करोड़ का होगा इन्वेस्टमेंट, जानिए कितने हाईवे पर काम शुरू
- कॉपी लिंक

बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे हो गए हैं। 20 नवंबर 2025 से 14 अप्रैल 2026 तक नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहे। सम्राट चौधरी 15 अप्रैल 2026 से मुख्यमंत्री हैं।
इस एक साल में एनडीए सरकार के कामकाज देखें तो सबसे अधिक फोकस रोड कनेक्टिविटी बेहतर करने और उद्योग लगाने पर है।
दोनों क्षेत्र में कौन से बड़े प्रयास हुए हैं? इनकी अपडेट स्थिति क्या है? पढ़िए रिपोर्ट…।
एक साल में 1091 इंडस्ट्री लगाने के प्रस्ताव मिले
एक साल में इंडस्ट्री लगाने के 1091 प्रस्ताव मिले हैं। खासतौर से वैशाली और गयाजी में इंडस्ट्रियल हब बनाए जा रहे हैं। हर जिले में इंडस्ट्री स्थापित करने के लक्ष्य के तहत सरकार ने 25 जिलों में 28 स्थान पर नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए जमीन अधिग्रहण की जा रही है।
- बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 से अब तक 521 इकाइयों को 727.02 एकड़ जमीन दी गई है।
- इसके जरिए 18,380.25 करोड़ रुपए निवेश होगा। 49,167 लोगों को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
- पटना में बियाडा की जमीन पर डेटा सेंटर बना है। 13 अक्टूबर 2026 को यहां काम शुरू हुआ। 250 करोड़ रुपए की लागत से इसे हैदराबाद की कंपनी Ctrls ने बनाया है। यहां अमेरिकी कंपनी के लिए 12 मेगावाट डाटा स्टोर हो रहा है। 100 लोग काम कर रहे हैं।
- बिहार ट्रेड टावर कंपनी ने बियाडा की 2.5 एकड़ जमीन पर 200 करोड़ रुपए से ट्रेड टावर बनाया है। इसमें 2027 तक होटल और बाकी दुकानें चालू होंगी। एक फाइव स्टार होटल भी होगा।
- गयाजी के डोभी में 1,670 एकड़ जमीन पर बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड (BIMCGL) का विकास किया जा रहा है। अक्टूबर 2026 में सम्राट चौधरी ने उसका औपचारिक शुभारंभ किया। 13 गांवों में यह फैली हुई है।
- इस परियोजना को लागू करने के लिए, भारत सरकार (NICDIT के माध्यम से) और बिहार सरकार (BIADA के माध्यम से) के बीच एक विशेष इकाई (SPV) - ' बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड' (BIMCGL) का गठन किया गया है।

2.25 लाख करोड़ रुपए के MOU पर हुए साइन
20 नवंबर को पटना के होटल मौर्य में उद्योग विभाग और ऊर्जा विभाग की ओर से उद्यमियों से संयुक्त संवाद किया गया। इस दौरान 2.25 लाख करोड़ रुपए के प्रस्ताव को लेकर दोनों विभागों और कंपनी के बीच एमओयू पर साइन किए गए।

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से 47075 उद्यमियों को मिली सहायता
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से 47,075 लाभार्थियों को छह उप-योजनाओं के माध्यम से अब तक 3,414 करोड़ रुपए से अधिक दिए गए हैं। नए उद्यमों की स्थापना, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए यह योजना है।
- बिहार लघु उद्यमी योजना- 71,740 लाभार्थियों को 581 करोड़ रुपए की सहायता मिली है।
- स्टार्टअप बिहार योजना- 1,762 स्टार्टअप पंजीकृत हुए। 103 करोड़ रुपए दिए गए। राज्य में 22 इन्क्यूबेशन सेंटर, 47 स्टार्टअप सेल और तीन B-Hub को-वर्किंग स्पेस स्थापित किए गए हैं।
- प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP)- 41,155 इकाइयों को स्वीकृति दी गई है। इनके लिए 1,015 करोड़ रुपए की मार्जिन मनी जारी की गई है।
- प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना- 1,62,053 कारीगरों का पंजीकरण किया गया है। 1,20,885 कारीगरों का प्रशिक्षण पूरा हुआ, 24,615 लोन दिए गए और 77,628 लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान किए गए हैं।
पटना में मेट्रो बढ़ा, 4 शहरों तक जाएगी ट्रांजिट ट्रेन
पटना में मेट्रो की शुरुआत 6 अक्टूबर 2025 को की गई थी। एक साल के अंदर इसका विस्तार ISBT से मलाही पकड़ी यानी 6.2 किमी तक हो गया है। शुरुआत में इसकी पहली सेवा ISBT से भूतनाथ के बीच थी।

जुलाई 2026 में सम्राट सरकार ने फैसला लिया कि चार शहरों में रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की शुरुआत की जाएगी। यह कॉरिडोर पटना-गयाजी, पटना एयरपोर्ट- बेगूसराय, सोनपुर एयरपोर्ट- मुजफ्फरपुर और पटना से आरा के बीच बनना है।
इस सेमी हाई स्पीड ट्रेन सेवा से एक शहर से दूसरे शहर जाने में लगने वाला समय घटेगा। इस प्रोजेक्ट के लिए पटना-गयाजी कॉरिडोर पर सर्वे चल रहा है। 6 माह में DPR तैयार होगा।

12 टाउनशिप बनेंगे, जमीन अधिग्रहण का हो रहा विरोध
एनडीए सरकार की एक बहुत बड़ी योजना 12 टाउनशिप स्थापित करने की है। 22 अप्रैल 2026 को इससे जुड़ा फैसला कैबिनेट से लिया गया।
पाटलिपुत्र व मगध टाउनशिप से जुड़ा ड्राफ्ट सरकार ने पब्लिक डोमेन में डाला है। निचले स्तर पर जमीन अधिग्रहण को लेकर काफी विरोध है। मार्च 2027 से पहले सभी टाउनशिप से जुड़े ड्राफ्ट सरकार सामने ले आएगी।
अब मुख्य सड़क परियोजनाओं के अपडेट जानिए
बिहार सरकार और NHAI की परियोजनाओं को मिलाकर 2,424 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजनाओं को इस साल केन्द्र सरकार ने मंजूरी दी है। इस पर 1,64,518 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
राष्ट्रीय राजमार्ग व पथ निर्माण विभाग बिहार से जुड़ी 18 परियोजनाएं हैं। इनकी लंबाई 739 किलोमीटर हैं। इन्हें तैयार करने में 24,940 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
दूसरी ओर NHAI की 14 परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इनकी कुल लंबाई लगभग 1,685 किलोमीटर और अनुमानित लागत 1,39,578 करोड़ रुपए है।
वाराणसी-रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
इसे 7 पैकेज में तैयार किया जा रहा है। कैमूर के अधौरा प्रखंड में सुरंग बनाना था, लेकिन वाइल्ड लाइफ की वजह से दिक्कत थी। इसलिए रिएलाइनमेंट किया गया है। इससे 17-18 किमी दूरी बढ़ रही है।
औरंगाबाद में 35 किमी लंबे हिस्से पर काम चल रहा है। गयाजी जिले में पड़ने वाले 33 km लंबे हिस्से पर काम चल रहा है।

गोरखपुर-सिलीगुड़ी ग्रीनफिल्ड एक्सप्रेसवे
इससे असम, मेघालय, सिक्किम जैसे इलाकों में जाना आसान होगा। इससे गोपालगंज से दिल्ली जाना आसान होगा। गोरखपुर- शामली एक्सप्रेस वे होते हुए कम समय में दिल्ली जा सकेंगे। अभी इसमें काम शुरू नहीं हुआ है।
रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे
यह एक्सप्रेसवे बिहार के पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर और बेगूसराय जैसे जिलों को पश्चिम बंगाल के हल्दिया बंदरगाह से जोड़ेगा। अभी रक्सौल से हल्दिया जाने में लगभग 20 घंटे लगते हैं। एक्सप्रेसवे बनने के बाद 10 घंटे लगेंगे। इसमें अभी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
आमस दरभंगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
यह दक्षिण बिहार को उत्तर बिहार से सीधा रोड कनेक्टिविटी देगा। इसमें चार पैकेज में काम चल रहा है। दरभंगा जिले में काम अंतिम चरण में है। लगभग 40 फीसदी काम पूरा हो गया है।
पटना रिंग रोड
6 पार्ट में इसका काम हो रहा है। कन्हौली से रामनगर के बीच काम पूरा हो गया है। से शेरपुर के बीच सड़क निर्माण के लिए कांट्रैक्ट तय हो गया है।
शेरपुर से दीघवारा के बीच गंगा नदी पर पुल बनना है। 20 फीसदी काम हुआ है। दीघवारा से सराय के बीच सड़क निर्माण के लिए एलाइनमेंट मंजूर हो गया है। जमीन अधिग्रहण होना है।
कच्ची दरगाह से रामनगर के बीच 5 फीसदी काम हुआ है। कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर 6 लेन पुल बन कर तैयार है।
राम-जानकी मार्ग
इसका काम 4 पैकेज में किया जा रहा है। बिहार के मेहरौल घाट (यूपी सीमा) से शुरू होकर सीवान तक 40 km वाले हिस्से में 10% काम हुआ है। सीवान से मशरख तक 50 km लंबे हिस्से में 12% काम हुआ है।
मशरख से गोरखपुर सिलिगुड़ी एक्सप्रेसवे 80 किमी का है। इसके लिए जमीन अधिग्रहण किया जा रहा है। गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से भिट्ठामोड़ (सीतामढ़ी) तक 45 km लंबे हिस्से के लिए जमीन ली जा रही है।

मोकामा-मुंगेर फोरलेन
मोकामा-मुंगेर फोरलेन बक्सर-भागलपुर कॉरिडोर का हिस्सा है। इससे पटना से मुंगेर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इस रास्ते पटना से झारखंड जाना आसान होगा। मुंगेर-लखीसराय टाल क्षेत्र का विकास होगा। बरसात के मौसम के बाद काम शुरू किया जा रहा है।
दानापुर-बिहटा-कोईलवर एलिवेटेड कॉरिडोर
1969 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर की लंबाई 25 किमी. है। यह पटना के दानापुर से बिहटा-कोईलवर होते हुए आरा और आगे बक्सर तक जाएगा। इससे पटना से उत्तर प्रदेश की रोड कनेक्टिविटी फास्ट होगी। अभी 60% काम हुआ है।
रजौली-बख्तियारपुर कॉरिडोर
154 km लंबी इस सड़क को बनाने में 3800 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसे फोर लेन एक्सप्रेस वे और एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे के रूप में विकसित किया जा रहा है। रजौली से बख्तियारपुर का काम दो पैकेज में पूरा हो चुका है।
तीसरे पैकेज में झारखंड सीमा से रजौली तक 7 किमी लंबी सड़क बननी थी। जंगल की वजह से इसे मोड़ा गया है। अब जंगल के बाहर से सड़क ले जायी जा रही है। रजौली से कोडरमा तक जमीन अधिग्रहण होना बाकी है। यह पैकेज 7 किमी से बढ़कर 29 किमी का हो गया है।
पटना मानिकपुर अरेराज-बेतिया फोरलेन
पहले पैकेज में 39 किमी की सड़क बाकरपुर से मानिकपुर तक है। इस पर 60% काम हुआ है। दूसरे पैकेज में मानिकपुर से साहेबगंज तक 44 km लंबे हिस्से पर 10% काम हुआ है। तीसरे पैकेज में साहेबगंज से अरेराज-बेतिया के बीच 78 किमी लंबी सड़क बननी है।
पटना-आरा- सासाराम ग्रीनफील्ड हाईवे
120.10 किमी की सड़क बनाने में 3712 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसमें दो पैकेज में काम होना है। पैकेज वन के तहत सुअरा (सासाराम) से गड़हनी तक काम चल रहा है। दूसरे पैकेज में गड़हनी से सदीसोपुर में काम होना है।
मुंगेर-मिर्जाचौकी ग्रीनफिल्ड फोरलेन
124 km लंबे मुंगेर-मिर्जाचौकी ग्रीनफिल्ड फोरलेन का 90% काम हो गया है। पहला पैकेज 981 करोड़ रुपए का है। यह मुंगेर से खड़िया गांव तक 23 km लंबा है। इसपर 85% काम हो गया है।
दूसरे फेज में खड़िया गांव से भागलपुर बाईपास की दूरी 30 किमी है। तीसरे पैकेज में भागलपुर- बायपास से रसूलपुर गांव (कहलगांव) तक 32 किमी है। चौथे फेज में रसूलपुर से मिर्जाचौकी तक 37 किमी की सड़क बननी है।






















