- Hindi News
- Local
- Jharkhand
- Chatra
- Second Encounter In 3 Months
3 माह में दूसरी मुठभेड़:राहुल दुबे गैंग के गुर्गे का हाफ एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
- कॉपी लिंक

हथियार बरामदगी के दौरान घटना
चतरा के टंडवा में पुलिस ने तीन माह के भीतर दूसरी बार राहुल दुबे गैंग से जुड़े एक अपराधी का हाफ एनकाउंटर किया। बुधवार अहले सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई मुठभेड़ में गैंग का अपराधी आनंद कुमार घायल हो गया। वह चतरा सदर का रहने वाला है। आरोप है कि उसने 11 नवंबर की आधी रात आम्रपाली स्थित एवीएस कंपनी में अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि इस घटना के खुलासे के लिए एसआईटी गठित की गई थी।
एसआईटी ने पूछताछ के लिए आनंद को होन्हे से पकड़ा था। पूछताछ में उसने एवीएस कंपनी में फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल हथियार होन्हे और गोड़वार को जोड़ने वाले जंगल के पास छिपाकर रखा है। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने पहुंची। पुलिस के अनुसार, छिपाकर रखा हथियार हाथ में आते ही आनंद ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद भाग रहे आनंद को पुलिस ने दबोच लिया। मुठभेड़ में दोनों ओर से पांच राउंड गोलियां चलीं। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और दो खोखे बरामद किए हैं।
25 अगस्त को शूटर विकास सिंह के पैर में लगी थी गोली
टंडवा में इससे पहले 25 अगस्त को राहुल दुबे गैंग के शूटर विकास कुमार सिंह का भी हाफ एनकाउंटर हुआ था। बसरिया घाटी के पास हथियार बरामदगी के दौरान विकास ने पुलिस पर गोली चलाई थी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी। 23 अगस्त को उड़सू स्थित शुशी कंपनी के पुराने कार्यालय में हुई फायरिंग में एक निजी सुरक्षा गार्ड घायल हुआ था। पुलिस ने रांची निवासी विकास कुमार सिंह को गिरफ्तार किया था।






















