- Hindi News
- Local
- Mp
- Indore
- Indore BJP Councillor Relative Wedding Firing | Drummer Injured
बीजेपी पार्षद के परिवार के शादी समारोह में हर्ष फायरिंग:ढोल बजा रहे युवक को लगी गोली, निजी अस्पताल में भर्ती; जांच जारी
- कॉपी लिंक

इंदौर के छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार रात शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में ढोल बजा रहे एक युवक को गोली लग गई।
घटना बीजेपी पार्षद और एमआईसी मेंबर प्रिया दांगी के परिवार में निकल रहे बाने के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि प्रिया दांगी के चाचा के बेटे गोपाला की शादी का बाना निकल रहा था।
जुलूस में परिवार और रिश्तेदार ढोल की थाप पर नाच रहे थे, तभी किसी ने हवाई फायरिंग कर दी। गोली वहां ढोल बजा रहे युवक मुकुल को जा लगी। घायल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
फायरिंग किसने की, पुलिस कर रही जांच
गोली लगते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर छत्रीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में नाचने के दौरान हवाई फायरिंग की बात सामने आई है।
फायरिंग किसने की और इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।






















