- Hindi News
- Local
- Mp
- MP Politics | BJP MLA Ladli Behna Statement & Digvijaya Singh Reaction Baat Khari Hai
बात खरी हैमंत्री ने रचाई मोदी के नाम की मेहंदी:लाड़ली बहनों से बोले भाजपा विधायक- खूब अंडे-मुर्गा खाओ; डोकरा कहने पर दिग्विजय ने कहा- थप्पड़ मारूंगा
- कॉपी लिंक

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। 'बात खरी है' मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।
बेटे की शादी में मोदी के नाम की मेहंदी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने अपने हाथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की मेहंदी रचाई। मौका उनके बेटे की शादी का था, लेकिन मंत्री जी ने इसे भी अपनी राजनीति चमकाने का अवसर बना लिया।
मंत्री ने अपनी हथेली पर मेहंदी से लिखवाया- 'मोदी कहीं नहीं जाएगा'। उन्होंने खुद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। साथ ही लिखा- 'सुपुत्र अभिनव के विवाह में मेहंदी लगवाई है, मेहंदी में भी वही भावना निकलकर आई है।'
अब लोग कह रहे हैं- नेता जी हैं, राजनीति तो होगी ही। इसलिए मेहंदी में भी सियासत का रंग चढ़ गया। कहने वाले तो इसे मंत्री जी पर चढ़ा मोदी भक्ति का रंग भी बता रहे हैं।

डोकरा कहने पर भड़के दिग्विजय सिंह एक पत्रकार ने डोकरा कह दिया तो पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने फौरन टोक दिया। बोले- ऐ, डोकरा क्यों कह रहे हो। हालांकि, दिग्विजय सिंह की यह आपत्ति मजाकिया अंदाज में थी, जिस पर जमकर ठहाके गूंजे।
दरअसल, दिग्विजय सिंह की सत्य, सनातन, स्वाभिमान यात्रा निवाड़ी जिले में थी। यहां एक स्थानीय पत्रकार उनका इंटरव्यू ले रहा था। इसी दौरान पत्रकार ने कहा कि 80 साल की उम्र में डोकरा निकला है। इतना सुनते ही दिग्विजय सिंह ने टोकते हुए पूछा- मुझे डोकरा क्यों कह रहे हो?
जाते-जाते उन्होंने मजाकिया अंदाज में पत्रकार को चेतावनी भी दे दी। बोले- अगली बार डोकरा कहा तो दो-चार थप्पड़ मारूंगा।
दिग्विजय सिंह ने यह रोचक वीडियो खुद सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने लिखा कि इंटरव्यू करने वाला मुझे डोकरा कह रहा है। बताओ जरा, आज कौन सा डोकरा रोज 15-20 किलोमीटर पैदल चल रहा है।
अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि दिग्विजय सिंह 80 साल के जवान हैं। इस उम्र में भी पदयात्रा कर रहे हैं। ऐसे में कोई उन्हें डोकरा कह दे, यह राजा साहब भला कहां बर्दाश्त करने वाले हैं।

विधायक बोले- खूब अंडे और मुर्गा खाओ लाड़ली बहना योजना के तहत मिलने वाले 1500 रुपए को लेकर भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे ने एक ऐसा बयान दिया है, जिस पर सियासी चर्चा शुरू हो गई है। बालाघाट जिले के लांजी से विधायक कर्राहे कार में बैठकर लाड़ली बहनों को सलाह देते नजर आ रहे हैं।
विधायक महिलाओं से पूछ रहे हैं कि लाड़ली बहना योजना के रुपए मिलते हैं न? 1500 रुपए मिलते हैं तो खूब अंडे खाओ, मुर्गा खाओ, मछली खाओ, कोई दिक्कत नहीं।
विधायक ने इसके साथ ही एक बात और जोड़ दी। बोले कि कमल के फूल को ही वोट देना। यानी खाने-पीने की पूरी छूट, लेकिन वोट देने में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।
विधायक जी की बातों में असली संदेश भी इसी आखिरी लाइन में छिपा है। अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि नेता जी फिर से लाड़ली बहना के नाम पर अपनी चुनावी नैया पार करने की तैयारी में हैं।

और अब अंदर की बात..
बड़े अधिकारी के परिवार में हुई शादी की चर्चा मध्य प्रदेश में एक बड़े अधिकारी के परिवार में हुई शादी इन दिनों प्रशासनिक और सियासी गलियारों में खूब चर्चा बटोर रही है। ये अफसर प्रदेश के एक बड़े पद के दावेदारों की दौड़ में शामिल हैं। अब शादी समारोह में दिखे कुछ नजारों को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
पहला सीन ये रहा कि जिस पद की दौड़ में ये अफसर शामिल हैं, उसी रेस में शामिल एक सीनियर अधिकारी समारोह में पहुंचे ही नहीं। अब इसके पीछे कॉम्पिटिशन की भावना को वजह बताया जा रहा है। चर्चा है कि साहब ने सवाल-जवाब से बचने के लिए समारोह से दूरी बनाए रखना ही बेहतर समझा।
दूसरा नजारा भी कम दिलचस्प नहीं रहा। शादी समारोह में 'सरकार' भी पहुंचे थे। वहीं, एक बड़े पद से रिटायर होने जा रहे साहब को भी समारोह में आना था, लेकिन उन्होंने पहले 'सरकार' के वहां से जाने का इंतजार किया।
अब चर्चा है कि ‘सरकार’ के साथ आते तो उनकी पूछ-परख कम हो सकती थी। इसलिए बाद में पहुंचे, ताकि समारोह में उनकी आमद भी अलग से दर्ज हो सके।
इनपुट सहयोग - देव शाक्य (रायसेन), सुनिल कोरे (बालाघाट)






















