- Hindi News
- Local
- Punjab
- Firozpur
- Ferozepur Municipal Council Seals Defaulter Properties | Tax Recovery
फिरोजपुर- टैक्स जमा न करने वालों पर निगम की सख्ती:बकायेदारों की इमारतें सील करने पहुंची टीम, मैरिज पैलेस ने 7 साल से नहीं भरा था बकाया
- कॉपी लिंक

फिरोजपुर में प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराने वालों के खिलाफ नगर कौंसिल ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को ईओ मनिंदरपाल के नेतृत्व में टीम बकायेदारों की व्यावसायिक इमारतों को सील करने पहुंची।
सीलिंग की कार्रवाई शुरू होते ही कुछ मालिकों ने मौके पर ही भुगतान कर दिया। बैंक ऑफ इंडिया ने 50 हजार रुपये जमा कराए, जबकि एक शोरूम मालिक ने 86 हजार रुपये का चेक दिया। एक मैरिज पैलेस पर सात साल से 7.81 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया मिला। नगर कौंसिल ने बकाया वसूली के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
सीलिंग की तैयारी देख बैंक ने मांगा दो घंटे का समय
ईओ मनिंदरपाल ने बताया कि कई बकायेदारों को तीन बार नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराया। बुधवार को टीम सबसे पहले बैंक ऑफ इंडिया की इमारत पर पहुंची।
वहां सील लगाने की तैयारी देखकर बैंक अधिकारियों ने दो घंटे का समय मांगा और 50 हजार रुपये जमा कराए। अधिकारियों के मुताबिक, बैंक पर कुल 1.21 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है।
इसके बाद टीम ऊधम सिंह चौक स्थित एक शोरूम पहुंची। अधिकारियों ने शटर बंद करवाकर तालों पर सील लगाने की प्रक्रिया शुरू की तो करीब एक घंटे के भीतर शोरूम मालिक ने 86 हजार रुपये का चेक सौंप दिया।
मैरिज पैलेस पर बकाया 7.81 लाख, संचालक ने मांगा समय
टीम ग्रैंड विला मैरिज पैलेस भी पहुंची। यहां सात साल से 7.81 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। मौके पर रस्म पगड़ी होने के कारण अधिकारी सील नहीं लगा सके। पैलेस मालिक ने 28 नवंबर तक टैक्स जमा कराने का समय मांगा, जिसे नगर कौंसिल ने मंजूर कर लिया। वहीं, एक शटरिंग स्टोर के संचालक ने भी भुगतान के लिए समय मांगा।
नगर कौंसिल लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रही है। इसके चलते कर्मचारियों को वेतन देने में भी परेशानी आ रही है। अधिकारियों के अनुसार, इसी वजह से बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली का अभियान तेज किया गया है। उन्होंने कहा कि टैक्स जमा नहीं कराने वाले अन्य बकायेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।























