- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Jaisalmer
- Jaisalmer News: 21 Year Old Santosh Kumari Becomes Youngest Zila Pramukh
21 साल की संतोष बनीं सबसे युवा जिला प्रमुख:चौथे चरण में चुनाव बना वरदान; पहले चरण में होतीं अयोग्य, 2 दिन कम थी उम्र
- कॉपी लिंक

राजस्थान के जैसलमेर में महज 21 साल की उम्र में संतोष कुमारी प्रदेश की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बन गई हैं। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वालीं संतोष को जैसलमेर जिला प्रमुख के पद पर निर्विरोध चुना गया है।
खास बात यह है कि यदि जैसलमेर में पंचायत चुनाव पहले चरण में होते, तो नामांकन (13 अक्टूबर) के समय उनकी उम्र 21 साल से 2 दिन कम होती और वे नामांकन नहीं कर पातीं।
यहां चौथे चरण (16 नवंबर) में हुए चुनाव के कारण ही वे नामांकन के लिए न्यूनतम आयु सीमा (21 वर्ष) पूरी कर पाईं। संतोष कुमारी की जन्म तिथि 15 अक्टूबर, 2005 है।
देखिए- वो तस्वीर जिसने इतिहास रच दिया

चुनाव के चौथे चरण में 21 साल की हुई संतोष दरअसल, जैसलमेर में पंचायत चुनाव पहले चरण में होते, तो कम उम्र होने के कारण संतोष कुमारी नामांकन ही नहीं भर पातीं। चुनाव चौथे चरण में होने से उन्हें कुछ दिनों का अतिरिक्त समय मिल गया और नामांकन (4 नवंबर) के वक्त उनकी उम्र 21 साल 19 दिन हो गई।
अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीट को देखते हुए परिवार और कांग्रेस पार्टी ने उनके नाम पर सहमति जताई और यही उनके लिए टर्निंग पॉइंट बन गया। परिजनों के अनुसार, संतोष ने राजनीति में आने की योजना नहीं बनाई थी, लेकिन हालात ऐसे बने कि वे चुनाव मैदान में पहुंच गईं। चुनाव का चरण बदला, उम्र की शर्त पूरी हुई, परिवार ने भरोसा किया और जनता ने उन्हें जीत दिलाई।

एकतरफा जीत के बाद निर्विरोध निर्वाचन जैसलमेर जिला परिषद के कुल 21 वार्डों में से कांग्रेस ने 20 वार्डों में जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया। वार्ड नंबर 21 से चुनाव मैदान में उतरीं संतोष कुमारी ने भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी को 6,137 मतों के बड़े अंतर से हराया। पार्टी के पास पूर्ण बहुमत होने के कारण जिला प्रमुख के चुनाव में किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया और संतोष निर्विरोध जिला प्रमुख चुन ली गईं।
ताऊ ने गोद लिया, 12वीं तक पढ़ाई की संतोष कुमारी ने पोकरण से 12वीं क्लास तक की पढ़ाई की है। उनके पिता चौथाराम ग्राम सेवक हैं, लेकिन संतोष को उनके ताऊजी फकीराराम ने गोद लिया है। इसी कारण सरकारी दस्तावेजों में उनके पिता फकीराराम हैं। हालांकि संतोष अब पूरे जिले की पंचायतीराज व्यवस्था और विकास कार्यों की कमान संभालेंगी।

संतोष बोलीं- अगर पहले चरण में चुनाव होते तो मैं अयोग्य थीं नवनिर्वाचित संतोष कुमारी ने कहा- अगर पहले चरण में चुनाव होते तो मेरी उम्र ही नहीं हुई थी, मैं अयोग्य होती। लेकिन चौथे चरण में चुनाव होने के कारण मेरी उम्र 21 साल और 19 दिन हो गई। इससे मैं चुनाव लड़ने के लिए योग्य हो गई।
संतोष ने कहा- मैं जैसलमेर के हर गांव और ढाणी में एक समान विकास करवाऊंगी, मेरा नजरिया सभी को लेकर समानता का रहेगा और विकास करना ही मेरा मुख्य उद्देश्य रहेगा।























