लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 130 करोड़ की सौगात दी:कोटा में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और विश्वस्तरीय एक्वाटिक सेंटर का शिलान्यास किया

कोटा3 घंटे पहले
  • कॉपी लिंक

कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को जेके पवेलियन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और विश्वस्तरीय तरणताल (एक्वाटिक सेंटर) का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। करीब 130 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली दोनों परियोजनाओं का निर्माण 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक संदीप शर्मा और कल्पना देवी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

क्रिकेट स्टेडियम में करीब 10 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। यहां रात में मैच कराने के लिए फ्लड लाइट की सुविधा विकसित की जाएगी। स्टेडियम के चारों तरफ सिंथेटिक ट्रैक भी बनाया जाएगा।

वहीं, एक्वाटिक सेंटर में ओलंपिक खेलों के मानकों के अनुरूप इंडोर स्विमिंग पूल तैयार किया जाएगा। इन परियोजनाओं से कोटा में क्रिकेट और तैराकी सहित अन्य खेलों को बढ़ावा मिलेगा।

ओम बिरला ने 130 करोड़ रुपए की लागत के दो प्रोजेक्ट का शिलान्यास और भूमि पूजन किया।
ओम बिरला ने 130 करोड़ रुपए की लागत के दो प्रोजेक्ट का शिलान्यास और भूमि पूजन किया।

भामाशाह मंडी को एशिया की सबसे बड़ी मंडी में शामिल किया जाएगा

ओम बिरला ने कहा कि कोटा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। आने वाले दो साल में शहर को नया स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। अब कोटा शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी अग्रणी बनेगा।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भामाशाह मंडी को एशिया की सबसे बड़ी मंडियों में शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा। 2028 तक मंडी का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है, ताकि किसानों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

ओम बिरला ने भामाशाह मंडी को एशिया की सबसे बड़ी मंडी बनाने की बात कही।
ओम बिरला ने भामाशाह मंडी को एशिया की सबसे बड़ी मंडी बनाने की बात कही।

तीन महीने में कैंसर हॉस्पिटल तैयार होगा

बिरला ने पर्यटन को लेकर कहा कि कोटा-बूंदी को देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। अगले तीन महीने में कैंसर अस्पताल तैयार करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि करीब 1500 करोड़ रुपए की लागत से शहर की गलियों और मोहल्लों में विकास कार्य करवाए जाएंगे। वहीं, 100 करोड़ रुपए से नाली-नालों का निर्माण होगा।

सड़कों, गार्डन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा। बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर हर घर और स्कूल के विद्यार्थियों का चेकअप कराने की योजना भी है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, नगर निगम महापौर अनुसूईया गोस्वामी, कोटा विकास प्राधिकरण के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्राधिकरण के अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

.

    Rajasthan Latest News

    Today Weather Update

    Our Group Site Links