भास्कर एक्सक्लूसिव
राजेंद्र राठौड़ ने कैसे बिना बहुमत बहू को जिताया?:कई राजनीतिक परिवारों को झटका; बीकानेर में डूडी परिवार ने बचाई विरासत

जयपुर15 मिनट पहलेलेखक: मनीष व्यास
  • कॉपी लिंक

विधानसभा चुनाव में हार के करीब 3 साल बाद भाजपा के दिग्गज नेता राजेंद्र राठौड़ ने चूरू में बड़ा सियासी उलटफेर कर दिया। कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था, लेकिन राठौड़ कांग्रेस के 4 सदस्यों की क्रॉस वोटिंग के सहारे बहू को जिला प्रमुख बनवाने में कामयाब हो

.

प्रदेश के 11 जिलों में जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए मैदान में उतरे 12 राजनीतिक परिवारों में से 7 को कामयाबी मिली, जबकि 5 को सियासी शिकस्त झेलनी पड़ी।

2023 के विधानसभा चुनाव हारने के बाद राठौड़ के सामने लगातार चुनाैतियां थीं, लेकिन उन्होंने बहू को जिता दिया। आखिर क्या और कैसे किया? अन्य राजनीतिक परिवारों की सियासी ताकत बढ़ी या घटी पढ़ेंगे इस रिपोर्ट में।

बीकानेर : भाजपा प्रत्याशी के मैदान से हटने से कांग्रेस एकजुट हुई, डूडी परिवार को मिला फायदा

बीकानेर में कांग्रेस के ही दो परिवार आमने-सामने हो गए। रामेश्वर डूडी के निधन के बाद राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए पत्नी सुशीला डूडी नोखा से विधायक हैं, लेकिन जिले में वर्चस्व और मजबूत करने के लिए डूडी परिवार के लिए जिला प्रमुख का चुनाव बेहद महत्वपूर्ण था। सुशीला डूडी अपनी बहू निकिता के लिए कांग्रेस का टिकट मांग रही थी।

इधर, 2023 के विधानसभा चुनाव में खाजूवाला से हार चुके पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल के लिए भी बेटी सरिता चौहान को जिला प्रमुख बनाना जिले की राजनीति में अपना प्रभाव मजबूत करने का अवसर था।

आखिरकार निकिता को टिकट मिल गया, लेकिन सरिता ने भी हार नहीं मानी। निर्दलीय मैदान में उतरकर जिला प्रमुख के चुनाव को रोचक बना दिया। 41 सीटों वाली जिला परिषद में 30 सदस्यों वाली कांग्रेस के लिए यह चुनाव अपनी पार्टी की एकजुटता की परीक्षा बन गया था।

चुनाव में ये हुआ : कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता कड़वासरा को 23 वोट मिले, जबकि पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी और कांग्रेस की बागी प्रत्याशी सरिता चौहान को 18 वोट मिले। दिवंगत रामेश्वर डूडी की राजनीतिक विरासत संभाल रहीं विधायक सुशीला डूडी के लिए यह बड़ी राजनीतिक सफलता है। निकिता जीत गई, लेकिन 30 सदस्य होने के बावजूद सिर्फ 23 वोट मिलना पार्टी के भीतर बगावत को दर्शाता है। वहीं, कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने के बावजूद सरिता के पक्ष में 18 वोट पड़ना गोविंदराम मेघवाल की सियासी ताकत का भी संकेत है।

डूडी परिवार के जीत के बीच की कहानी : चुनाव में रोचक मोड़ तब आया जब कांग्रेस में बगावत हो गई और पूर्व मंत्री की बेटी सरिता ने निर्दलीय नामांकन भर दिया। कांग्रेस के पास यहां बहुमत था, ऐसे में कांग्रेस की फूट का फायदा भाजपा ने उठाया। भाजपा की प्रत्याशी धापू कंवर ने नामांकन वापस ले लिया। ऐसे में कांग्रेस के दो प्रत्याशियों के बीच ही मुकाबला हो गया। ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस के 7 वोट सरिता को मिल गए। इसके अलावा 11 वोट मिले। ये भी कहा जा रहा है कि भाजपा के कुछ लोगों ने कांग्रेस और कांग्रेस के कुछ लोगों ने निर्दलीय को वोट दिए।

झुंझुनूं : पूर्व सांसद नरेंद्र खीचड़ के परिवार के सामने जिला प्रमुख की कुर्सी बचाने की चुनौती थी

नरेंद्र खीचड़ पूर्व सांसद हैं और उनकी पुत्रवधू हर्षिनी कुल्हरी जिला प्रमुख रह चुकी हैं। यह चुनाव परिवार के राजनीतिक फैलाव के साथ पहले से हासिल वर्चस्व को बरकरार रखने का भी था। हर्षिनी भाजपा जिलाध्यक्ष भी हैं। उनकी उम्मीदवारी परिवार और संगठन दोनों की प्रतिष्ठा से जुड़ी थी।

इस बार चुनाव में हर्षिनी को भाजपा ने जिला प्रमुख का उम्मीदवार बनाया था। उनकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की 22 वर्षीय कोमल भंवरिया थी। 41 सीटों वाली जिला परिषद में भाजपा को सिर्फ 11 सीटें मिलीं, जबकि बहुमत के लिए 21 चाहिए थी। वहीं कांग्रेस के पास बहुमत से कहीं ज्यादा 29 सीटें थी। एक सीट पर निर्दलीय को जीत मिली थी।

चुनाव में क्या हुआ : झुंझुनूं में कांग्रेस की कोमल भंवरिया ने भाजपा जिलाध्यक्ष एवं निर्वतमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी को 16 वोटों के अंतर से हराकर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर ली। कोमल को 28 वोट मिले, जबकि हर्षिनी को 12 वोट मिले। वहीं एक वोट कैंसिल हुआ है। इस हार से खीचड़ परिवार की जिले की सत्ता पर पकड़ और राजनीतिक वर्चस्व बरकरार रखने की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है।

बूंदी : प्रभुलाल सैनी के बेटे की राजनीतिक जमीन तैयार करने की कोशिश नाकाम

वसुंधरा राजे सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे प्रभुलाल सैनी के लिए बेटे मनीष को जिला प्रमुख बनाना परिवार की अगली पीढ़ी को सक्रिय राजनीति में स्थापित करने का बड़ा अवसर था।

27 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा के सिर्फ 6 प्रत्याशी जीते। इसके बावजूद भाजपा ने मनीष को जिला प्रमुख पद का उम्मीदवार बनाया था। टिकट हासिल करना राजनीतिक सफलता जरूर थी, लेकिन अब इन आंकड़ों के सहारे बेटे को जिला प्रमुख बनना न सिर्फ प्रभुलाल सैनी की राजनीतिक कौशल की परीक्षा थी।

चुनाव में ये हुआ : बूंदी में कांग्रेस की हंसा गुर्जर ने भाजपा के मनीष सैनी को 13 वोटों के अंतर से हराकर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर ली। हंसा गुर्जर को 20 वोट मिले, जबकि मनीष सैनी को 7 वोट मिले। कांग्रेस के एक सदस्य ने क्रॉस वोटिंग कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रभुलाल सैनी अपने बेटे मनीष को जिला प्रमुख बनवाने में कामयाब नहीं हो पाए।

चूरू : विधानसभा चुनाव हार चुके राठौड़ के लिए राजनीतिक वापसी का मौका

लगातार 7 बार के विधायक और भाजपा के दिग्गज नेता राजेंद्र राठौड़ 2023 में तारानगर से विधानसभा चुनाव हार गए थे। उनके समर्थकों को उप चुनाव, लोकसभा चुनाव और फिर राज्यसभा चुनाव से उनकी दमदार वापसी की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।

इसके बाद बेटे पराक्रम सिंह ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव में दावेदारी पेश की, लेकिन पार्टी का समर्थन नहीं मिला तो पैर पीछे खींचने पड़े। ऐसे में जिला परिषद का चुनाव उनकी साख के लिए महत्वपूर्ण हो गया था।

चूरू में जिला प्रमुख का पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित था। राठौड़ बेटे पराक्रम और बहू कनिका दोनों को टिकट दिलाने में कामयाब हो गए। पराक्रम 7,810 और कनिका 2,384 वोटों से जीतीं।

इस बार भी भाग्य ने राठौड़ के लिए चुनौती पेश कर दी। 39 में बीजेपी को 17 ही सीटों पर जीत मिली, यानी बहुमत से 3 सीट कम। वहीं कांग्रेस के पास बहुमत से ज्यादा 21 सीट आईं। एक सीट निर्दलीय ने जीती। इसके बावजूद राठौड़ ने कनिका को जिला प्रमुख पद का दावेदार बनवाया।

चुनाव में ये हुआ : पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने जिला प्रमुख के चुनाव में तमाम सियासी समीकरणों को उलटते हुए बड़ी राजनीतिक कामयाबी हासिल की है। कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था। इसके बावजूद राठौड़ अपनी पुत्रवधू कनिका सिंह को जिला प्रमुख बनवाने में कामयाब हो गए। कनिका ने कांग्रेस की प्रकाश देवी बुडानिया को 5 वोट के अंतर से हराया। कनिका को 22 वोट मिले, जबकि प्रकाश देवी को महज 17 वोट मिले।

यह चुनाव राठौड़ के लिए राजनीतिक जमीन, सियासी साख और रणनीतिक क्षमता दिखाने का बड़ा मौका था। पहले बेटे और बहू को भाजपा का टिकट दिलाना, फिर दोनों को जिला परिषद सदस्य का चुनाव जितवाना और आखिर में बहुमत नहीं होने के बावजूद बहू को जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचाना उनके लिए इस चुनाव की तीन बड़ी राजनीतिक उपलब्धियां रहीं हैं।

राठौड़ के पास भले ही फिलहाल कोई निर्वाचित पद नहीं है, लेकिन चूरू के चुनाव परिणाम ने दिखाया कि उनकी सियासी पकड़ और चुनावी रणनीति को नजरअंदाज करना अब भी आसान नहीं है।

जीत की कहानी : कांग्रेस के खेमे में सेंध लगाकर पलटी बाजी, राठौड़ के सियासी अनुभव का दिखा असर

चूरू में जिला प्रमुख का चुनाव पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की सियासी प्रतिष्ठा पर बड़ा सवाल बन गया था। वहीं ये चुनाव एक बार चाहे या न चाहे एक बार फिर राठौड़ वर्सेज कस्वा मतलब की काका भतीजे की चुनावी लड़ाई बन गया था। भाजपा ने राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह को मैदान में उतारा था, जबकि कांग्रेस ने प्रकाश देवी बुडानिया पर दांव खेला था। इस बार की सियासी जंग में न सिर्फ राठौड़ ने कस्वा को मात दी बल्कि अपने साख को बचा लिया।

चुनाव में सबसे बड़ा खेल कांग्रेस के खेमे में हुई क्रॉस वोटिंग ने कर दिया। कांग्रेस अपने ही सदस्यों को बचाने में नाकाम रही, जबकि भाजपा कांग्रेस के चार सदस्यों के वोट हासिल करने में कामयाब रही। इस सियासी सेंधमारी को राठौड़ के लंबे राजनीतिक अनुभव और उनकी मजबूत पकड़ से जोड़कर कहा जा रहा है।

बांसवाड़ा : अर्जुन बामणिया के लिए दोहरी चुनौती थी

वागड़ की राजनीति में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के बढ़ते प्रभाव के बीच अर्जुन बामणिया के लिए जिला प्रमुख का चुनाव दोहरी चुनौती था। एक तरफ उन्हें बतौर विधायक और कांग्रेस जिला अध्यक्ष पार्टी का ग्रामीण राजनीतिक आधार मजबूत करना था। दूसरी तरफ बेटे डॉक्टर विकास बामणिया को जिले की राजनीति में स्थापित करने का अवसर था।

कांग्रेस ने विकास को जिला प्रमुख का उम्मीदवार बनाया। कांग्रेस के पास 21 सदस्य थे, जबकि बहुमत के लिए 22 चाहिए थे। भारत आदिवासी पार्टी के पास 17 और भाजपा के पास 5 सदस्य थे।

चुनाव में क्या हुआ : बांसवाड़ा में भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी के गठबंधन ने कांग्रेस विधायक एवं जिलाध्यक्ष अर्जुन बामणिया के सियासी समीकरण बिगाड़ दिए। बीएपी की रीना रावत 22 वोट हासिल कर जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं हैं, जबकि कांग्रेस के डॉ. विकास बामणिया को 21 वोट मिले। महज 1 वोट के अंतर से कांग्रेस के हाथ से जिला प्रमुख की कुर्सी निकल गई। इस हार से अर्जुन बामणिया की अपने बेटे को जिले की राजनीति में स्थापित करने की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है। वहीं, वागड़ की आदिवासी राजनीति में लगातार अपना प्रभाव बढ़ा रही BAP ने भाजपा के समर्थन से जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर कांग्रेस के सामने नई सियासी चुनौती खड़ी कर दी है।

जीत के पीछे की कहानी : सियासी दुश्मनों ने मिलाया हाथ

बांसवाड़ा में जिला प्रमुख के चुनाव में सबसे दिलचस्प सियासी समीकरण देखने को मिले। आदिवासी अंचल की राजनीति में एक-दूसरे के खिलाफ मुखर रहने वाली भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी ने कांग्रेस को जिला प्रमुख की कुर्सी से दूर रखने के लिए हाथ मिला लिया। दोनों विरोधी दलों के बीच बनी इस सियासी दोस्ती ने चुनाव की पूरी तस्वीर बदल दी।

भाजपा के समर्थन से मैदान में उतरीं BAP की रीना रावत के पक्ष में दोनों दलों के वोटों का समीकरण ऐसा बैठा कि कांग्रेस के तमाम प्रयासों के बावजूद उसके हाथ से जिला प्रमुख की कुर्सी निकल गई। हालांकि, अंतिम समय तक दोनों खेमों के बीच कांटे का मुकाबला रहा।

मतगणना में BAP की रीना रावत को 22 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 21 वोट मिले। महज एक वोट के अंतर से रीना रावत जिला प्रमुख बनने में कामयाब रहीं।

इस चुनाव में भाजपा भले ही अपना जिला प्रमुख नहीं बना पाई, लेकिन कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने में सफल रही। वहीं, BAP ने भाजपा के समर्थन के सहारे बांसवाड़ा की जिला परिषद की सत्ता हासिल कर ली। इस अप्रत्याशित सियासी गठजोड़ ने आदिवासी अंचल में भविष्य की वागड़ राजनीति को लेकर भी नई चर्चाएं पैदा कर दी है।

दौसा : डीसी बैरवा की पत्नी बनीं जिला प्रमुख

दौसा के विधायक डीसी बैरवा के लिए पत्नी का जिला प्रमुख बनना पूरे जिले में राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने का अवसर था। परिवार के पास विधायक और जिला प्रमुख दोनों पद होने से ग्रामीण राजनीति में भूमिका मजबूत होने वाली थी। डीसी बैरवा परिवार के लिए यह चुनाव बिना किसी प्रत्यक्ष चुनावी चुनौती के राजनीतिक विस्तार का मौका बन गया था। 37 सदस्यीय जिला परिषद में 35 सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने उनकी पत्नी बीना बैरवा को टिकट दिया।

चुनाव में क्या हुआ : बीना बैरवा के सामने किसी दूसरे प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। ऐसे में वो निर्विरोध निर्वाचित हो गई।

सवाई माधोपुर : अशोक बैरवा के परिवार की सत्ता में वापसी का मौका

पूर्व मंत्री अशोक बैरवा वर्ष 2023 में खंडार से विधानसभा चुनाव हार गए थे। इसके बाद पत्नी को जिला प्रमुख बनाना परिवार को फिर से एक महत्वपूर्ण और मजबूत पद दिलाने का अवसर था। कांग्रेस ने इस बार जिला प्रमुख चुनावों में उनकी पत्नी आशा बैरवा को टिकट दिया। पार्टी के पास 31 में से 26 सदस्य थे।

चुनाव में क्या हुआ : जिला प्रमुख चुनाव में आशा बैरवा के सामने कोई अन्य प्रत्याशी नहीं आया और वो निर्विरोध जिला प्रमुख चुन ली गईं।

चित्तौड़गढ़ : बद्रीलाल जाट के परिवार का डेयरी की राजनीति से जिला परिषद तक विस्तार

पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट जगपुरा का राजनीतिक आधार ग्रामीण क्षेत्रों और सहकारिता से जुड़ा रहा है। सहकारिता के बाद उन्हें पंचायती राज की राजनीति में महत्वपूर्ण पद हासिल करने का मौका मिला था। कांग्रेस के टिकट पर जीतीं पत्नी रतनी देवी को जिला प्रमुख बनाना परिवार के राजनीतिक प्रभाव को जिला परिषद तक विस्तार देने का अवसर था। कांग्रेस ने उनकी पत्नी रतनी देवी को टिकट दिया था। पार्टी के पास 35 में से 28 सदस्य थे। बहुमत से 10 सदस्य ज्यादा होने के कारण उनकी स्थिति मजबूत थी।

चुनाव में क्या हुआ : कांग्रेस की रतनी देवी जाट 21 वोटों के अंतर से जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं हैं। उन्हें 28 वोट मिले, जबकि भाजपा की तुलसी बाई को सात वोट ही मिले। दोनों पार्टियों के सभी सदस्य अपने-अपने खेमे में एकजुट रहे और वोटों के आंकड़ों में क्रॉस वोटिंग का कोई असर नहीं दिखा। सहकारिता की राजनीति में अपनी पहचान बना चुके बद्रीलाल ने अब पंचायती राज की राजनीति में भी अपने परिवार को स्थापित कर लिया है।

सीकर : हरिराम रणवां चूक गए जिला स्तरीय सत्ता तक पहुंचने का अवसर

भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां के परिवार के लिए जिला प्रमुख का पद ग्रामीण और किसान राजनीति में प्रभाव बढ़ाने का अवसर था। भाजपा ने उनके भाई की पत्नी सुनीता रणवां को उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, 49 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा के पास सिर्फ 11 सदस्य थे। पूर्ण बहुमत के लिए उन्हें 14 अतिरिक्त सदस्यों का समर्थन चाहिए था।

चुनाव में क्या हुआ : सीकर में कांग्रेस की सुनीता गठाला ने भाजपा की सुनीता रणवां को 17 वोटों के अंतर से हराकर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर ली। हालांकि, स्पष्ट बहुमत के बावजूद कांग्रेस अपने सभी सदस्यों को एकजुट रखने में कामयाब नहीं रही। गठाला को 33 वोट मिले, जबकि रणवां को 16 वोट मिले।

फलोदी : कुंभ सिंह पातावत के लिए बड़ा अवसर

फलोदी के अलग जिला बनने के बाद यहां जिला परिषद की राजनीति में अपनी जगह मजबूत करना स्थानीय नेताओं के लिए महत्वपूर्ण था। वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुंभ सिंह पातावत की एमबीए पुत्रवधू यशवंत कंवर के लिए यह स्वतंत्र राजनीतिक पहचान बनाने का अवसर था। कांग्रेस ने यशवंत कंवर को टिकट दिया था। 23 में से 21 सदस्य कांग्रेस के जीते थे। ऐसे में उनकी दावेदारी पहले से ही बेहद मजबूत थी।

चुनाव में क्या हुआ : फलोदी में पहली बार हुए जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस की यशवंत कंवर ने भाजपा की सरिता भादू को 19 वोटों के अंतर से हराया। यशवंत कंवर को 21 और सरिता को 2 वोट मिले।

अजमेर : अमित भंसाली के परिवार के लिए जिले की राजनीति में बड़ी छलांग

भाजपा युवा मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके और कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत के करीबी अमित भंसाली की पत्नी पूजा भंसाली सरपंच रह चुकी थीं। जिला प्रमुख के पद के सहारे अमित भंसाली अजमेर जिले की राजनीति में बड़ी छलांग लगाना चाहते थे। भाजपा ने पूजा भंसाली को जिला प्रमुख का टिकट भी दे दिया। 33 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा के पास 19 सदस्य थे, जबकि बहुमत के लिए 17 चाहिए थे।

चुनाव में क्या हुआ : अजमेर में भाजपा की पूजा भंसाली ने कांग्रेस की दशरथ कंवर को 10 वोटों के अंतर से हराकर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर ली है। कांग्रेस की दशरथ कंवर को 11, पूजा को 21 और 1 वोट नोटा को मिला। कांग्रेस के 12 सदस्य और 1 RLP सदस्य के समर्थन के बावजूद केवल 11 वोट ही मिले। जबकि भाजपा के 19 सदस्य होने और 1 आरएलपी सदस्य के समर्थन के बाद भी 21 वोट मिले। ऐसे में कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग हुई।


LockIcon
Content blocker

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर

DB QR Code
एप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंDownload android app - Dainik BhaskarDownload ios app - Dainik Bhaskar
पूरी खबर पढ़ें ऐप परप्रीमियम मेंबरशिप है तो लॉगिन करें

Rajasthan Latest News

Today Weather Update

Our Group Site Links