- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Baghpat
- Baghpat Accident | Infant Dies After Candle Causes Fire In Bed
मां ने 9 महीने के बेटे को जिंदा जलाया:बागपत में पति से झगड़ा हुआ था, आरोपी हिरासत में
- कॉपी लिंक

बागपत के पुरामहादेव गांव में पति से झगड़े के बाद 9 महीने के बच्चे को मां ने जला दिया। बुधवार शाम करीब 6 बजे बच्चे का पिता उसे बालैनी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
हालांकि, रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बच्चे की मां को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना जिला मुख्यालय से करीब 27 किलोमीटर दूर बालैनी थाने की है।
तीन साल पहले हुई थी शादी
पुरामहादेव गांव के गौरव (35) की शादी 3 साल पहले मेरठ के राधना गांव की डौली से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। शाम करीब 6 बजे डौली ने अपने इकलौते 9 महीने के बेटे विशिष्ट उर्फ आरव को जला दिया। घर पहुंचने पर पिता ने बच्चे को इस हालत में देखा तो उसे लेकर बालैनी अस्पताल पहुंचा। वहां से डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मां को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भेज दिया गया है। पुलिस ने मां डौली को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
सीओ रोहन चौरसिया ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। फिलहाल बच्चे की मां को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी परिवार की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है।

ASP ने मौके पर पहुंचकर दिए जांच के निर्देश
बुधवार शाम करीब सात बजे बच्चे की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बागपत के एडिशनल SP प्रवीण सिंह चौहान भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच के आदेश दिए।






















