- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Gorakhpur
- GIDA Foundation Day | Yogi Adityanath Inauguration Exhibition Gorakhpur
GIDA के 37वें स्थापना दिवस में शामिल होंगे CM योगी:गोरखपुर में 3 दिनों तक चलेगा कार्यक्रम, उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी
- कॉपी लिंक

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। 30 नवंबर को तीन दिवसीय समारोह का उद्घाटन करेंगे।
30 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलने वाले समारोह में औद्योगिक इकाइयों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। विभिन्न जिलों के वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन (ODOC) के व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
इस दौरान उद्यमियों के साथ निवेश पर चर्चा होगी। कुछ उद्यमियों को भूमि आवंटन के प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री कई विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।
2017 के बाद GIDA में बढ़ा निवेश, 500 यूनिट्स स्थापित
GIDA की स्थापना 30 नवंबर 1989 को हुई थी। हालांकि, यहां निवेशकों का रुझान 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद बढ़ा। इससे पहले यहां गिनती के उद्योग थे। बीते करीब साढ़े नौ साल में औद्योगिक इकाइयों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी, निर्बाध बिजली आपूर्ति और निवेश को बढ़ावा देने वाली नीतियों से उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बना है। मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत रुचि से भी GIDA के विकास को गति मिली है।
सरकार के मुताबिक, बीते करीब एक दशक में गोरखपुर को लगभग 500 औद्योगिक इकाइयों के लिए करीब 20 हजार करोड़ रुपए का निवेश मिला है। इससे करीब 50 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर तैयार हुए हैं।
इन कंपनियों ने GIDA में किया बड़ा निवेश
निवेश के माहौल का असर बड़ी कंपनियों के पूंजी निवेश के रूप में दिख रहा है। बीते कुछ वर्षों में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने यहां अपनी इकाइयां स्थापित की हैं या विस्तार किया है।
इनमें केयान इंडस्ट्रीज ने 1200 करोड़ रुपए, वरुण बेवरेजेज ने 1100 करोड़ रुपए और कोका कोला की फ्रेंचाइजी अमृत बॉटलर्स ने करीब 800 करोड़ रुपए का निवेश किया है। इसके अलावा अंकुर उद्योग ने 500 करोड़, इंडिया ऑटोव्हील्स ने 400 करोड़ और एसडी इंटरनेशनल ने 300 करोड़ रुपए लगाए हैं।
वहीं, सीपी मिल्क एंड फूड्स (ज्ञान डेयरी) ने 118 करोड़, तत्वा प्लास्टिक्स ने 105 करोड़ और कपिला कृषि उद्योग ने 100 करोड़ रुपए का निवेश किया है।
प्लास्टिक पार्क से लेकर फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स तक तैयार
GIDA के CEO विशाल कुमार के मुताबिक, औद्योगिक ढांचे और आधुनिक सुविधाओं के विकास पर भी काम हुआ है। प्लास्टिक उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 88 एकड़ में उत्तर प्रदेश का पहला प्लास्टिक पार्क स्थापित किया गया है।
सूक्ष्म और लघु उद्यमियों को जल्द कारोबार शुरू करने की सुविधा देने के लिए 2.68 एकड़ में फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स तैयार किया गया है। इसे 42.50 करोड़ रुपए की लागत से प्लग एंड प्ले मॉडल पर बनाया गया है।
इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं को अवसर देने के लिए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क स्थापित किया गया है। कौशल विकास के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (नाइलिट) के प्रशिक्षण केंद्र की भी शुरुआत की गई है।






















