यूपी एक्सप्लेनर
सालभर पहले बेबस थे आजम, अब भाजपा को ललकार रहे:क्या बैकफायर कर जाएंगे ‘खान साहब’ के तेवर

लखनऊ22 मिनट पहलेलेखक: कृष्ण गोपाल
  • कॉपी लिंक

सपा नेता आजम खान इस बार जब जेल से बाहर आए तो भाजपा सरकार पर उनके तेवर ज्यादा कड़े हैं। ‘मुझे चुनाव लड़ने से कौन माई का लाल रोकेगा’, ‘हुक्मरान बड़ा जालिम, पूरा देश डरा हुआ है’, ‘लाशें हवा में उड़ने लगेंगी’; जैसे उनके बयान सामने आ रहे हैं।

.

लेकिन, सालभर पहले 23 सितंबर, 2025 में जब वे जेल से बाहर आए थे, तब उनके बयानों में हताशा और बेबसी ज्यादा नजर आती थी। उनके लहजे से तेजतर्रारी और तल्खी गायब थी।

आखिर इस एक साल में ऐसा क्या हुआ कि आजम अपने पुराने रूप में लौट आए? जानेंगे यूपी एक्सप्लेनर में…

आजम खान के तेवरों में आया यह बदलाव सालभर में लगातार लगे कानूनी झटकों और 2027 विधानसभा चुनावों के नजदीक आने का नतीजा है। इसे ऐसे समझ सकते हैं…

A) सितंबर, 2025 की स्थिति

  • आजम खान पिछली बार 23 सितंबर, 2025 को जब 23 महीने सीतापुर जेल में रहकर बाहर आए, तब बेहद थके और शांत नजर आ रहे थे। उनके बयानों में पुराना जोश गायब था। लंबी कानूनी लड़ाई की थकान उनके चेहरे पर साफ दिख रही थी।
  • जेल से बाहर निकलते वक्त मीडिया के सवालों पर उन्होंने बेहद हताश स्वर में कहा- ‘अब कहने को बचा ही क्या है? मुसलमान होने की सजा मिल रही है।’ यह उनकी मानसिक स्थिति को दिखाता है, जहां वे खुद को पूरी तरह असहाय महसूस कर रहे थे।
  • 26 अक्टूबर, 2025 को ‘द वायर’ पर कपिल सिब्बल के साथ बातचीत में आजम बेहद भावुक और टूटे हुए नजर आए। उन्होंने कहा- ‘जब रात 3:30 बजे मुझे और अब्दुल्ला को अलग गाड़ियों में ले जाया गया, तो बेटे से गले मिलते वक्त लगा कि शायद यह आखिरी मुलाकात है। जेल में एनकाउंटर होने की खबरों से मैं बहुत परेशान था। जब तक अब्दुल्ला के जिंदा होने की खबर नहीं मिली, वह रात और अगला दिन बहुत मुश्किल से गुजरा।’
  • इसी इंटरव्यू में अपने ऊपर लगे मुकदमों का जिक्र करते हुए गुस्से के बजाय दुखी होकर बोले- बकरी चोरी, मुर्गी चोरी, किताबें और फर्नीचर चोरी जैसे मुकदमे लगाए हैं। एक ऐसे इंसान को बर्बाद कर दिया गया, जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था। यहां वे बेटे अब्दुल्ला की बात कर रहे थे।
आजम खान ने 'द वायर' पर कपिल सिब्बल के साथ बातचीत में बताया कि पत्नी तंजीन फातिमा जेल में गिर गई थीं। इससे उनकी हंसुली (कॉलरबोन) टूट गई थी।
आजम खान ने 'द वायर' पर कपिल सिब्बल के साथ बातचीत में बताया कि पत्नी तंजीन फातिमा जेल में गिर गई थीं। इससे उनकी हंसुली (कॉलरबोन) टूट गई थी।

B) तब परिवार और भविष्य की चिंता थी

  • अक्टूबर, 2023 में फर्जी बर्थ सर्टिफकेट मामले में सजा के बाद आजम करीब 23 महीने सीतापुर जेल में बंद रहे थे। करीब दो साल जेल में रहने के बाद मानसिक और शारीरिक रूप से टूट से गए थे। दर्जनों मुकदमे चल रहे थे और हर पल दोबारा जेल जाने का डर था।
  • पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम भी कानूनी उलझनों और सजा का सामना कर रहे थे। उस समय उनकी प्राथमिकता सरकार से लड़ने के बजाय खुद को और अपने परिवार को कानूनी मुसीबतों से बचाना था।

C) जेल के बाहर ED की गिरफ्तारी ने गुस्सा बढ़ाया

  • दो पैन कार्ड मामले में 17 नवंबर, 2025 को उन्हें और बेटे अब्दुल्ला को 7 साल की सजा हुई। दोनों फिर जेल चले गए। 31 अक्टूबर, 2026 को जमानत मिलने के बाद जब वे रामपुर जेल से बाहर निकले, तो गेट पर ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया।
  • बार-बार जेल जाने और अपने ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी पर हुई कार्रवाई ने उनकी हताशा को गहरे राजनीतिक गुस्से में बदल दिया। 18 नवंबर को गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आते ही आजम खान पुराने अंदाज में लौट आए।
  • हाईकोर्ट से मिली जमानत और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों ने उनका आत्मविश्वास लौटाया। उन्हें लगने लगा कि खोने के लिए कुछ बचा नहीं है, इसलिए वे खुलकर बोल रहे हैं।
तस्वीर 31 अक्टूबर की है। रामपुर जेल से बाहर आते ही ED ने आजम खान को हिरासत में ले लिया था। इस दौरान अधिकारियों से उनकी नोकझोंक हुई। उन्होंने आसमान की तरफ इशारा करके समर्थकों से यह करने की कोशिश की थी कि ऊपरवाला सब देख रहा है।
तस्वीर 31 अक्टूबर की है। रामपुर जेल से बाहर आते ही ED ने आजम खान को हिरासत में ले लिया था। इस दौरान अधिकारियों से उनकी नोकझोंक हुई। उन्होंने आसमान की तरफ इशारा करके समर्थकों से यह करने की कोशिश की थी कि ऊपरवाला सब देख रहा है।
  • आजम के जेल में रहने के दौरान रामपुर की राजनीति में बड़ा बदलाव आया। उनका एकतरफा दबदबा कमजोर हुआ। हालांकि, एक बड़े वर्ग में उनकी पकड़ अभी भी है, लेकिन ‘एकक्षत्र राज’ नहीं रहा है। इसे ऐसे समझ सकते हैं…
  • जब तक आजम सक्रिय थे, रामपुर की राजनीति उनके इर्द-गिर्द घूमती थी। लेकिन, लंबे समय तक जेल में रहने से रामपुर में खालीपन पैदा हुआ। इसे भरने के लिए सपा ने स्थानीय स्तर पर दूसरे नेताओं को आगे बढ़ाना शुरू किया।
  • सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी और स्थानीय विधायक नसीर अहमद खान जैसे नेता उभरने लगे। इसके अलावा, असदुद्दीन ओवैसी, चंद्रशेखर जैसे नेता भी रामपुर और आसपास के जिलों में मुस्लिम वोट अपनी ओर खींचने की कोशिश कर रहे हैं।
  • दूसरी तरफ, 2022 उपचुनाव में रामपुर लोकसभा और रामपुर सदर, दोनों सीटें भाजपा ने जीतकर आजम के 45 साल पुराने राजनीतिक किले को भेद दिया।
  • आजम छोटे बेटे अब्दुल्ला को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी मानते हैं। अब्दुल्ला 2017 और 2022 में विधायक चुने गए, लेकिन दोनों बार अलग-अलग वजहों से उनकी विधायकी चली गई।
  • कानून के तहत, कोई व्यक्ति सजा पूरी होने के बाद 6 साल तक चुनाव नहीं लड़ सकता। ऐसे में, जब तक ऊपरी अदालत से सजा पूरी तरह रद्द नहीं हो जाती, तब तक आजम और अब्दुल्ला के सक्रिय चुनावी राजनीति में लौटने की राह बेहद मुश्किल है।
  • पत्नी तंजीन भी उम्र और सेहत के कारण सक्रिय राजनीति से दूर हैं। उनके कई पुराने करीबी नेता मुकदमों के डर से शांत बैठ गए या दूसरी पार्टियों में चले गए। इससे रामपुर में उनका पुराना राजनीतिक नेटवर्क कमजोर हुआ है।
  • स्थानीय नेताओं और प्रभावशाली लोगों का एक वर्ग बदलते राजनीतिक हालात के हिसाब से नए चेहरों की ओर देख रहा है। फिर भी, पुराने कार्यकर्ताओं में आजम के लिए सम्मान, सहानुभूति बरकरार है।
  • 18 नवंबर को डासना जेल से बाहर आने के बाद जब वे 100 से ज्यादा गाड़ियों के काफिले के साथ रामपुर पहुंचे, तो उनके घर के बाहर भारी भीड़ थी। ‘शेर आया’ के नारे लगे। यह भीड़ दो बातों का संकेत है…

पहला - लोगों के मन में उनके और उनके परिवार पर हुई कानूनी कार्रवाई को लेकर सहानुभूति है।

दूसरा - यह दिखाता है कि रामपुर में आज भी आजम खान अकेले ऐसे नेता हैं, जिनके नाम पर हजारों लोग सड़क पर उतर सकते हैं।

कुल मिलाकर आजम की राजनीतिक जमीन खिसकी है। उन्हें न केवल भाजपा से मुकाबला करना है, बल्कि अपनी ही पार्टी और रामपुर की जनता के बीच साबित करना है कि असली ताकत आज भी उनके पास है।

  • आजम खान के तेवर सपा और भाजपा दोनों के लिए दोधारी तलवार जैसे हैं। इसके अपने फायदे और नुकसान हैं। सपा के लिए बड़ी राहत है, क्योंकि चंद्रशेखर-ओवैसी जैसे नेता आरोप लगा रहे थे कि अखिलेश ने आजम को उनके हाल पर छोड़ दिया। अब सपा कार्यकर्ताओं में नया जोश आएगा। खास तौर पर पश्चिमी यूपी की दर्जनों सीटों पर पार्टी को दमदार प्रचारक मिल जाएगा।
  • वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ कलहंस कहते हैं कि आजम खान यूपी में मुस्लिमों के सबसे बड़े चेहरे हैं। भले ही असदुद्दीन ओवैसी मुस्लिम वोटों को अपनी तरफ खींचने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन, आजम के एक्टिव होने से मुस्लिम वोट का बिखराव रुकेगा।
  • आजम की आक्रामक वापसी भाजपा के लिए सीधी चुनौती भी है। वे जिस तरह से भाजपा सरकार को चुनौती दे रहे हैं, उससे संदेश गया कि सरकार के ‘जुल्म और ज्यादती’ के बावजूद आजम झुके नहीं। ‘मुश्किलों का डटकर सामना करने वाले नेता’ की छवि भाजपा के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है।
  • जबकि, राजनीतिक विश्लेषक रतनमणि लाल का मानना है कि भाजपा भी आजम खान की आक्रामकता को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर सकती है। उनकी तीखी भाषा से ध्रुवीकरण (धार्मिक आधार पर वोटों के बंटवारे) हो सकता है।
  • राजनीतिक विश्लेषक रवींद्र राणा कहते हैं कि भाजपा यूपी में ‘माफिया राज और गुंडागर्दी पर लगाम’ लगाने का मुद्दा उठाती है। आजम की आक्रामकता भाजपा यह कहकर पेश कर सकती है कि सपा फिर से ‘पुराना दौर’ वापस लाना चाहती है। इससे भाजपा का हिंदुत्व और सख्त कानून-व्यवस्था का मुद्दा मजबूत होगा।

राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, आजम से किसे ज्यादा फायदा होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि चुनाव का माहौल किस दिशा में जाता है।

सपा को फायदा तब होगा जब आजम अपनी ताकत का इस्तेमाल मुस्लिम वोट को एकजुट करने और पर सवाल उठाने में करें।

भाजपा को फायदा तब होगा जब आजम के गुस्से और बयानों को मुद्दा बनाकर भाजपा पूरे चुनाव को हिंदू-मुस्लिम या कानून-व्यवस्था की बहस में बदलने में सफल हो जाए।

कुल मिलाकर, 2027 चुनाव में आजम खान ऐसे फैक्टर हैं, जो सपा की जीत आसान तो कर सकते हैं, लेकिन बैकफायर होकर भाजपा के चुनावी हथियार को धार भी दे सकते हैं।


LockIcon
Content blocker

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर

DB QR Code
एप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंDownload android app - Dainik BhaskarDownload ios app - Dainik Bhaskar
पूरी खबर पढ़ें ऐप परप्रीमियम मेंबरशिप है तो लॉगिन करें

UP Latest News Today

Today Weather Update

Our Group Site Links