पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:पिता की गोली मारकर हत्या; निहंग को समलैंगिक बताया; सिंगर पर FIR; केजरीवाल ने भगवंत मान के नाम पर वोट मांगे

जालंधर/चंडीगढ़12 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर आम आदमी पार्टी की पंजाब खुशहाल रैली से जुड़ी रही। इसमें AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सीएम भगवंत मान के नाम पर वोट मांगे। उन्होंने BJP-अकाली दल पर निशाना साधा।

.

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1, केजरीवाल बोले- पिछली सरकारों ने खजाना लूटा

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले मोगा में गुरुवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने स्थापना दिवस पर खुशहाल पंजाब-महारैली की। CM मान ने कहा कि अकाली दल और भाजपा में गठबंधन कृषि कानूनों को वापस लाने के लिए हुआ है।

वहीं, पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सीएम भगवंत मान के नाम पर वोट मांगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो वह मुफ्त बिजली बंद कर देगी। महिलाओं को एक हजार रुपए महीना भी नहीं मिलेगा। मोदी इन्हें फ्री की रेवड़ी कहते हैं। दिल्ली में उन्होंने हमारी सरकारी स्कीमें बंद कर दीं।

अगर ये स्कीमें चाहिए तो भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाएं। केजरीवाल ने 1 हजार महीना देने की स्कीम में देरी पर कहा कि पिछली सरकारों ने खजाना लूट लिया था, इस वजह से हम लेट हो गए। (पढ़े पूरी खबर) 2. पांच गाड़ियों को रौंदने के बाद कार पर पलटा टिप्पर

रोपड़ में कीरतपुर-मनाली नेशनल हाईवे पर रेत से भरा ओवरलोड टिप्पर अचानक बेकाबू हो गया। उसने पहले 5 गाड़ियों को टक्कर मार दी। इसके बाद दिल्ली नंबर की बलेनो कार पर पलट गया।

कार टिप्पर के नीचे दब गई। इससे उसमें सवार 3 लोगों की मौत हो गई। कार में शव फंसे दिखे। ये हादसा गुरुवार को दोपहर 2 बजे भरतगढ़ के पास सरसा नंगल में चढ़ाई पर हुआ। बलेनो के दबने के अलावा अन्य दो से तीन गाड़ियां भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल की टीम भी मौके पर पहुंची। (पढ़ें पूरी खबर)

3. मुख्य सचिव केएपी सिन्हा ED के सामने नहीं हुए पेश

पंजाब सरकार के के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा को जालंधर स्थित ED कार्यालय में बुधवार को पेश नहीं हुए।सिन्हा ने दिल्ली में होने की बात कहकर पेशी से छूट ली है। ED ने मुख्य सचिव को 26 नवंबर को पेश होने के निर्देश दिए गए थे।

इस मामले में सबसे पहले GMADA के अधिकारियों और संबंधित प्रोजेक्ट्स से जुड़े लोगों को जांच के दायरे में लिया गया था। इसके बाद अगस्त में IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ से दो बार पूछताछ हुई थी। (पढ़ें पूरी खबर)

4. हरियाणवी सिंगर काशीनाथ के खिलाफ FIR

हरियाणवी सिंगर काशीनाथ समेत 3 लोगों के खिलाफ लुधियाना पुलिस ने FIR दर्ज की है। आरोप है कि सिंगर काशीनाथ ने लाइव स्टेज शो में हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था।

सिंगर पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगा है। काशीनाथ पिछले साल गोल्ड का 10 तोले सोने का कड़ा लौटाने से सुर्खियों में आए थे।

काशीनाथ हरियाणा के कैथल में जन्मे हैं लेकिन इस वक्त मोहाली में रहते हैं। पुलिस ने शिव सेना पंजाब के राष्ट्रीय चेयरमैन राजीव टंडन की शिकायत पर कार्रवाई की है। (पढ़े पूरी खबर) 5. PU के हॉस्टल में स्टूडेंट की लाश मिली

चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल से बीटैक के छात्र ने सुसाइड कर लिया। जिस वक्त उसने यह कदम उठाया, वह रूम में अकेला था। जब दोपहर में उसका रूममेट आया तो उसने दरवाजा नहीं खोला।

इसके बाद गार्ड बुलाकर कमरा खोला गया तो वह फंदे से लटक रहा था। पुलिस बुलाकर उसकी लाश को नीचे उतारकर अस्पताल भिजवाया गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मरने वाला छात्र आर्यन जेएंडके का रहने वाला है। वह यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने के साथ हॉस्टल नंबर-5 में रहता था। पुलिस ने उसके कमरे की तलाशी ली लेकिन वहां से कुछ संदिग्ध नहीं मिला। मामले की जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. परगट सिंह बोले- AAP ईस्ट इंडिया कंपनी

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने आरोप लगाया कि आप सरकार ईस्ट इंडिया कंपनी बन गई है। वह बुधवार को अमृतसर में कांग्रेस की 'संविधान बचाओ' रैली को संबोधित कर रहे थे।

परगट सिंह ने केंद्र सरकार पर देश में अघोषित तानाशाही लागू करने, संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा और 'आप' एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार झूठी गारंटियों और खोखले वादों का पुलिंदा परोस रही है, जिनका जमीनी स्तर पर कोई अस्तित्व नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि विचारधारा की है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. कैप्टन ने मोदी से पूछा- मेरी जरूरत है या नहीं

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह पार्टी में दरकिनार किए जाने से आहत हैं। कैप्टन ने भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए और अपनी उपेक्षा को लेकर साफ नाराजगी जाहिर की।

कैप्टन बताते हैं कि उन्होंने पीएम मोदी को साफ शब्दों में पूछ लिया था कि पंजाब में मेरी जरूरत है या नहीं। भाजपा में शामिल हुए उन्हें 5 साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन आज तक न तो दिल्ली में और न ही पंजाब में किसी ने उनसे कोई राजनीतिक चर्चा की है।

कैप्टन ने कहा कि भाजपा सिर्फ अपने पुराने लोगों पर ही भरोसा करती है और उन्हीं को आगे बढ़ाती है। उनके मुताबिक, शीर्ष नेतृत्व से समय लेना बेहद मुश्किल है और शायद साल में एक बार ही मुलाकात हो पाती है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. भेष बदलकर शादी में आया आरोपी पकड़ा

बठिंडा में 50 करोड़ रुपए की ठगी का आरोपी शादी समारोह में कीर्तन करते पकड़ा गया। वह 9 साल से फरार था। इस दौरान उसने अपना हुलिया बदला। दाढ़ी बढ़ा ली और अमृतधारी सिख बनकर शादी में पहुंच गया।

हालांकि जिन लोगों से उसने 18% के सालाना ब्याज के लालच देकर करोड़ों रुपए हड़पे थे, उन पीड़ितों की संस्था के चेयरमैन ने उसे देख लिया। उन्होंने तब तो कुछ नहीं कहा लेकिन पुलिस से तालमेल कर लिया।

इसके बाद पुलिस सुबह ही शादी के लिए हो रहे कीर्तन में सिविल वर्दी में पहुंच गई। जैसे ही वह गुरुद्वारे के भीतर से कीर्तन करके बाहर निकला तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। (पढ़े पूरी खबर)

9. सो रहे पिता की गोली मारकर हत्या की

मोगा में बेटे ने बुजुर्ग पिता की पेट में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात की है। परिजनों का कहना है कि आरोपी नशे के लिए पैसे नहीं देने पर झगड़ा करता था। 70 वर्षीय कुलदीप सिंह के पेट में गोली लगी थी।

परिवार का कहना है कि हैप्पी नशे का आदी था और अकसर पिता से नशे के लिए पैसे मांगता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है। घटनास्थल से गोली का एक खोल भी बरामद किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवाया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. इटालियन सीरियल में निहंग को 'गे' दिखाया

इटली के टीवी सीरियल ‘इस्त्रानी’ में निहंग सिंह के किरदार को 'गे' दिखाने पर विवाद हो गया है। नाटक में आपत्तिजनक दृश्यों के फिल्मांकन को लेकर सिख संगत ने कड़ी नाराजगी जताई है।

सिख परंपराओं के अनुसार दुमाला सजाते समय मर्यादा और सादगी का ध्यान रखना पड़ता है। इस घटना का सोशल मीडिया पर भी विरोध तेज हो गया है।

विदेशों में रह रहे सिखों ने भी सीरियल के साथ-साथ स्थानीय सिख संगत की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं। द संघा एंड जूजू शो में इस सीरियल को लेकर एतराज जताया है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)


LockIcon
Content blocker

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर

DB QR Code
एप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंDownload android app - Dainik BhaskarDownload ios app - Dainik Bhaskar
पूरी खबर पढ़ें ऐप परप्रीमियम मेंबरशिप है तो लॉगिन करें

Local NEWS

Today Weather Update

Our Group Site Links