- Hindi News
- Local
- Haryana
- Mahendragarh
- Narnaul
- Mahendragarh Power Station Copper Cable Theft | Case Registered Investigation
महेंद्रगढ़ में सब स्टेशन से 3.41 लाख की केबल चोरी:चोर पिकअप में भरकर ले गए 3 बंडल, ड्यूटी पर तैनात थे 4 कर्मचारी
- कॉपी लिंक

महेंद्रगढ़ जिले के दौंगड़ा अहीर क्षेत्र के मुंडियाखेड़ा स्थित 132 केवी सब स्टेशन से चोर 3 बंडल कॉपर कंट्रोल केबल चोरी कर ले गए। घटना 15 नवंबर की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है।
रात की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के अनुसार, चोर केबल को पिकअप वाहन में भरकर ले गए। घटना का पता चलने पर 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
सब स्टेशन के JE एवं इंचार्ज की शिकायत पर पुलिस ने BNS की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुई केबल की कुल कीमत करीब 3.41 लाख रुपए बताई गई है।
रात की ड्यूटी पर तैनात थे 4 कर्मचारी
132 केवी सब स्टेशन मुंडियाखेड़ा के JE एवं इंचार्ज विकास चंदर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 नवंबर की सुबह सब स्टेशन में रखे 3 बंडल कॉपर कंट्रोल केबल चोरी हो गए। घटना के समय रमेश कुमार SA, सतीश SA, बिशन ALM और राजेश ALM रात की ड्यूटी पर तैनात थे। कर्मचारियों के अनुसार, चोर एक पिकअप में केबल भरकर ले गए।

112 नंबर पर कॉल कर दी सूचना
घटना के बाद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को मौके पर बुलाकर घटनास्थल दिखाया गया। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी रमेश कुमार ने भी दौंगड़ा अहीर पुलिस चौकी में चोरी की शिकायत दी थी।
तीन प्रकार की केबल चोरी
शिकायत के अनुसार, चोरी हुए सामान में 16 कोर 2.5 एमएम² अनआर्मर्ड कॉपर कंट्रोल केबल के 500 मीटर शामिल हैं, जिनकी कीमत 1,66,998.16 रुपए है। इसके अलावा 10 कोर 2.5 एमएम² अनआर्मर्ड कॉपर कंट्रोल केबल के 500 मीटर की कीमत 1,06,479.81 रुपए और 4 कोर 4 एमएम² अनआर्मर्ड कॉपर कंट्रोल केबल के 500 मीटर की कीमत 67,997.50 रुपए बताई गई है।
कुल चोरी हुई केबल की कीमत करीब 3.41 लाख रुपए है। JE ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर केबल बरामद करने की मांग की है।
पिकअप वाहन के बारे में जुटा रही जानकारी
पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहन और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















